कानून मंत्री बघेल ने सपा कार्यकर्ताओं को दी गाली … करहल की जनसभा में हुआ था हंगामा, भाजपाइयों ने सपा कार्यकर्ताओं को खदेड़ा

मैनपुरी की हॉट सीट करहल चर्चा में है। इस सीट से बीजेपी प्रत्याशी केन्द्रीय कानून राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने सपा नेताओं को गालियां दी हैं। दरअसल एसपी बघेल की चुनावी जनसभा चल रही थी तो बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया। इसके जवाब में एसपी बघेल ने भी गाली से जवाब दिया। इसके बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सपाइयों को खदेड़ दिया।

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिस समय कानून मंत्री जनसभा कर रहे थे, उसी समय कुछ लोग शराब पीकर पहुंचे थे। कानून मंत्री भाजपा सरकार की योजनाओं के बारे में जनता को बता रहे थे तभी भीड़ से उन्हें कुछ लोग गाली देने लगे। इसी बीच भाषण रोककर कानून मंत्री ने भी गालियां देने वालों को उन्हीं की भाषा में जवाब देना शुरू कर दिया।

अखिलेश यादव के समर्थकों पर आरोप

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि अखिलेश यादव के खिलाफ केंद्रीय कानून राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल मैनपुरी की करहल सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वे यहां मीठेपुर के पास गांव कुम्हेरी में तीन दिन पहले सभा में बोल रहे थे, तभी अखिलेश समर्थक आ गए। सभा स्थल पर पीछे खड़े होकर कानून मंत्री को गालियां देने लगे।

कानून मंत्री भी ताव में आ गए और उन्होंने भी उन्हीं की भाषा में जवाब दे डाला। देखते ही देखते भाजपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश समर्थकों को खदेड़ दिया। शनिवार को भी घिरोर क्षेत्र में भाजपा कार्यालय से तीन किलोमीटर आगे हमीरपुर गांव के पास कुछ सपा समर्थकों ने प्रो. बघेल को सपा के झंडे दिखाए थे।

बघेल ने कहा था- अखिलेश को आना पड़ गया करहल

केंद्रीय कानून राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल करहल के चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। पर्चा दाखिल करते समय सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था कि वे यहां अब चुनावी नतीजों के बाद सर्टिफिकेट लेने आएंगे। उनके इस बयान पर आगरा में एक जनसभा में प्रो. बघेल ने चुटकी ली थी कि उनके चुनाव मैदान में उतरते ही अखिलेश यादव की प्रतिज्ञा टूट गई और उन्हें छह फरवरी को करहल आना पड़ा। अब पूरे सैफई परिवार को करहल में दिन रात चुनाव प्रचार में जुटना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *