गुना पुलिस हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी … आरोपियों की संख्या बढ़कर हुई 10; पत्नी बोली- घर से पुलिस लेकर गयी; कोर्ट में किया पेश

गुना पुलिस हत्याकांड मामले में एक और गिरफ्तारी हुई है। शहर के जीनघर में रहने वाले इरशाद खान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शुक्रवार शाम को उसे बजरंगगढ़ बायपास से गिरफ्तार किया गया है। SP राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि वह भी इस पूरे मामले में शामिल था। इन लोगों के साथ शिकार करने गया हुआ था। कई दिन से वह फरार चल रहा था।

बता दें कि 13-14 मई की दरमियानी रात आरोन इलाके में शहरोक के पास शिकारियों और पुलिस में मुठभेड़ हुई थी। इसमे तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। वहीं एक आरोपी भी इस दौरान मारा गया था। उसके बाद दो आरोपी पुलिस एनकाउंटर में मारे गए, जबको चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। दो आरोपी फिलहाल फरार चल रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस की 10 टीमें इनकी सर्चिंग में लगी हुई हैं।

मामले में आरोपी हुए 10

इस मामले में शुरुआत में 7 नामजद आरोपी बनाए गए थे। ये वो आरोपी थे जो पुलिस और शिकारियों के बीच हुई मुठभेड़ में शामिल थे। इसके दो दिन बाद दो और आरोपी बनाए गए। इनमे नौशाद और शहजाद के पिता निसार खान और बड़े भाई सिराज खान पर FIR दर्ज की गई। इन पर नौशाद की लाश को घर मे छुपाने और पुलिस की राइफल को कुएं में पटकने का मामला दर्ज किया गया। इन दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब इस मामले में दसवें आरोपी का नाम सामने आया है। गुना के जीनघर में रहने वाले इरशाद खान को पुलिस ने आरोपी बनाया है। उसे शुक्रवार शाम को बजरंगगढ़ बायपास से गिरफ्तार किया है। उसे भी मुठभेड़ में शामिल होने के मामले में आरोपी बनाया है।

पत्नी बोली- घर से ले गए

इस मामले में इरशाद की पत्नी सबीना बानो का कहना है कि 18 मई को करीब सवा एक बाइक से दो पुलिसवाले आये और इरशाद को ले गए। बोले कि किसी मामले में गवाही दी थी तो साइन करने हैं। चलो जल्दी से बैठो, अभी छोड़ जायेंगे। फिर दूसरे दिन 19 मई को 6-7 पुलिसवाले आये। वो इरशाद की बाइक ले गए। 20 मई को रात को दो पुलिसवाले फिर आये और बोले कि गिरफ्तारी के कागज हैं, इन पर साइन कर दो। साइन कराकर वो ले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *