ग्वालियर नगर सरकार …? एक बार जो बढ़त ली तो बढ़ती चली गई कांग्रेस की शोभा,कांग्रेस के आगे एक भी राउंड में नहीं टिक सके भाजपा; आप व अन्य
- 30 राउंड में बढ़त के बाद मतगणना स्थल पर पहुंची कांग्रेस की शोभा सिकरवार
- डाक मतपत्रों में भी जीती कांग्रेस, शोभा को मिले 630 वोट और सुमन को 473 से करना पड़ा संतोष
नगरीय निकाय चुनाव की मतगणना के दौरान रविवार की सुबह से शुरू हुए चक्रोंं में शुरुआत से ही कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी शोभा सिकरवार ने जो बढ़त लेना शुरू किया जो प्रत्येक राउंड के बाद उनकी लीड बढ़ती रही। भाजपा प्रत्याशी सुमन शर्मा के समर्थकों को उम्मीद थी कि कुछ राउंड बाद शायद परिणाम उनके पक्ष में आने लगें, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। सुबह सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती हुई। इस दौरान सूचनाएं आईं कि भाजपा आगे चल रही हैं।
हालांकि अधिकृत घोषणा के बाद पता चला कि डाक मतपत्रों में भी भाजपा पिछड़ गई थी। सुबह नौ बजे सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती से मतगणना की शुरुआत हुई। दोपहर में आए परिणाम के अनुसार डाक मतपत्रों में कांग्रेस प्रत्याशी शोभा सिकरवार को 630 और सुमन शर्मा को 473 वोट मिले। आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी रुचि गुप्ता ने भी इसमें 86 मत प्राप्त किए। इसके बाद से जो भी राउंड पूरे हुए उसमें कांग्रेस को बढ़त मिलती गई।