भोपाल की नई महापौर आज लेंगी शपथ …? नए चैंबर में बैठेंगी मालती …..

  • 85 वार्ड पार्षदों को भी दिलाई जाएगी शपथ

राजधानी भोपाल की नई महापौर मालती राय आज शपथ लेंगी। आईएसबीटी कैम्पस में होने वाले शपथ समारोह में CM शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहेंगे। महापौर के साथ 85 पार्षद भी शपथ लेंगे। महापौर राय नए चैंबर में बैठेंगी। चैंबर इतना बड़ा है कि एक समय में 27 लोग बैठ सकेंगे। उनके चैंबर के पास ही नगर निगम अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के चैंबर भी हैं। स्टॉफ भी यही बैठेगा।

सुबह 11 बजे से शपथ समारोह शुरू होगा। डोम में करीब 1 हजार लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई है, जबकि मंच पर सिलेक्टेट नेता ही बैठेंगे। सीएम एक घंटा कार्यक्रम में रुकेंगे। समारोह को लेकर आईएसबीटी बिल्डिंग को सजाया गया है। कलेक्टर अविनाश लवानिया शहर के 85 पार्षदों को भी वे शपथ दिलाएंगे।

बारिश को देखते हुए वाटर प्रूफ डोम बनाया
शपथ के लिए आईएसबीटी कैम्पस में वाटर प्रूफ डोम तैयार किया गया है। मंच पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के अलावा प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह, मंत्री विश्वास सारंग, सांसद प्रज्ञा ठाकुर, राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, विधायक रामेश्वर शर्मा, कृष्णा गौर, जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी, पूर्व महापौर आलोक शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

भोपाल के सबसे अमीर पार्षद हैं अजीज उद्दीन
भोपाल के कुल 85 पार्षद हैं। इनमें सबसे ज्यादा अमीर वार्ड-42 से चुने गए कांग्रेस पार्षद अजीज उद्दीन हैं। जिनके पास 45 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है। वहीं, उनकी पत्नी के पास साढ़े 8 करोड़ की प्रॉपर्टी है। अजीज उद्दीन मल्टीप्लेक्स के मालिक हैं। भोपाल में 85 में से 17 पार्षद करोड़पति और 62 लखपति हैं, जबकि 6 के पास कुछ नहीं है। मेयर राय भी साढ़े 3 करोड़ की संपत्ति की मालकिन हैं।

ये काम-धंधे हैं पार्षदों के
भोपाल में टीचर, किसान, मजदूर, प्रॉपर्टी डीलर, फार्मासिस्ट, मूर्तिकार, टेंट व्यवसायी, खदान ठेकेदार, एडवोकेट, ट्रेवल्स संचालक, मंडी व्यापारी, सिविल और सॉफ्टवेयर इंजीनियर भी पार्षद बने हैं। आपराधिक मामलों की बात करें तो 7 पार्षदों पर 15 केस दर्ज हैं। उन्होंने अपने शपथ पत्र में आपराधिक केस दर्ज होने की जानकारी दी है।

सबसे कम उम्र के पार्षद देवांशु भी लेंगे शपथ
सबसे कम उम्र के कांग्रेस पार्षद देवांशु कसाना भी शपथ लेंगे। देवांशु 23 के हैं। उन्होंने BE सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। देवांशु पहली बार वार्ड 29 से पार्षद निर्वाचित हुए हैं। वे महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष संतोष कंसाना के बेटे हैं। बता दें कि कंसाना के शपथ पत्र को लेकर बीजेपी ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद कांग्रेस ने उनके बेटे देवांशु को मैदान में उतारा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *