आजमगढ़ के SP अनुराग आर्य को DGP का गोल्ड मेडल …? मुख्तार अंसारी की सल्तनत खत्म की, 24 अपराधियों की 50 करोड़ की संपत्ति जब्त
स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर उत्तर प्रदेश के डीजीपी देवेंद्र सिंह चौहान ने प्रदेश के आजमगढ़ के एसपी अनुराग आर्य को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया है। यह सम्मान उन्हें सराहनीय सेवाओं के लिए दिया गया है। अनुराग आर्य ने 26 अक्टूबर 2021 को जिले में माफियाओं और संगठित अपराध करने वाले गिरोहों पर कड़ी कार्रवाई की है।
मुख्तार अंसारी पर कार्रवाई कर आए थे सुर्खियों में
साल 2013 बैच के आईपीएस अनुराग आर्य मऊ में तैनाती के दौरान माफिया मुख्तार अंसारी के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर चर्चा में आए थे। माफिया मुख्तार अंसारी की सल्तनत पर पहली कील अनुराग आर्य ने ही ठोंकी थी।
जिले में हुए दो बड़े मामलों में कड़ी कार्रवाई की। जहरीली शराब कांड में 13 आरोपियों पर गैंगेस्टर और छह पर रासुका लगाई गई। इस मामले में खान बंधुओं की 75 लाख से अधिक की संपत्ति कुर्क की गई। टेट परीक्षा की गड़बड़ी में शामिल 22 आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई करने के साथ फरार पूर्व ब्लॉक प्रमुख इसरार अहमद की 35 लाख से अधिक की संपत्ति कुर्क की।

मुख्तार अंसारी की सल्तनत में ठोकी थी कील
वर्ष 2019 से 2020 तक आजमगढ़ मंडल के मऊ जनपद में तैनाती के दौरान पूर्वांचल के बाहुबली माफिया मुख्तार अंसारी की गैंग पर कड़ी कार्रवाई की है। मऊ जिले में अवैध बूचड़खाने चलाने वाले मुख्तार गैंग के 26 लोगों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई की।
इसके साथ ही मुख्तार के शूटर अनुज कनौजिया का घर बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। मऊ में अवैध टैक्सी स्टैंड से वसूली करने वाले 13 माफियाओं पर गैंगेस्टर के साथ मुख्तार गैंग के सात भूमाफियाओं पर मुकदमे दर्ज कर जमीन मुक्त कराई गई।
2013 के बाद पहली बार दर्ज हुआ मुख्तार पर मुकदमा
पूर्ववर्ती सरकार में संरक्षण पाए मुख्तार अंसारी पर 2013 के बाद पहला मुकदमा 2020 में लिखा गया। साथ ही मुख्तार गैंग के अवैध मछली व्यापार के कारोबार में लिप्त माफिया पारसनाथ सोनकर गैंग के तीन अपराधियों पर गैंगेस्टर की कार्रवाई की गई।
अवैध मछली व्यापार को बंद कराया गया। मुख्तार गैंग से जुड़े 20 अपराधियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराने, 19 के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की गई। मुख्तार गैंग के सहयोगी त्रिदेव कंस्ट्रक्शन के उमेश सिंह की संपत्तियों को जब्ज करने के साथ ध्वस्त किया गया।
प्रति वर्ष 13 करोड़ 17 लाख की अवैध वसूली करता था मुख्तार
अनुराग आर्य ने बताया, “माफिया मुख्तार अंसारी गिरोह के गुर्गे अवैध कटान, अवैध बूचड़खाना, टैक्सी स्टैंड और अवैध मछली व्यापार से प्रति माह एक करोड़ नौ लाख 75 हजार वसूली करते थे। सालाना यह कमाई 13 करोड़ 17 लाख से अधिक की थी। ऐसे में इन सभी अवैध कारोबार को बंद कराकर माफिया को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।

24 अपराधियों की 50 करोड़ की संपत्ति जब्त
एसपी अनुराग आर्य ने बताया, “10 महीने की तैनाती के दौरान 24 अपराधियों की 50 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क की है। साथ ही गैंगेस्टर के 69 मुकदमों में 344 अपराधियों पर कार्रवाई की गई है। जिले में 930 अपराधियों के विरूद्ध गुंडा एक्ट, 138 को जिला बदर, 198 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है।”
उन्होंने आगे बताया, “जिले में मादक पदार्थों की बरामदगी में 81 मुकदमे दर्ज किए गए। इसमें शामिल 100 अपराधियों को गिरफ्तार कर 826 किलो गांजा भी पकड़ा गया है। अवैध असलहे की फैक्ट्री का खुलासा करते हुए 382 मुकदमे दर्ज कर 394 अपराधियों पर कार्रवाई की गई है।”
अनुराग आर्या ने बताया, “जिले में आबकारी के 606 मुकदमों में 668 अभियुक्तों से 15 हजार लीटर शराब, 86 शराब बेचने वालों पर गुंडा एक्ट, 56 पर गैंग्स्टर, छह पर रासुका की कार्रवाई की गई। साथ ही जिले के 12 शराब माफियाओं की 15 करोड़ से अधिक की संपत्ति सीज की गई। साथ ही जिले में संगठित अपराध करने वाली 23 गैंग को रजिस्टर्ड किया गया।”