ग्वालियर : नगर निगम मुख्यालय:वैध हुईं 110 अवैध कॉलोनियां ..!

नगर निगम मुख्यालय:वैध हुईं 110 अवैध कॉलोनियां, अब निर्माण के जारी होंगे आदेश

अवैध कॉलोनियां वैध बनने के बाद समझौता शुल्क जमा कराकर निर्माण हो जाएगा वैध।

शहर की 429 अवैध कॉलोनियों में से 110 कॉलोनियों को वैध करने की प्रक्रिया पूरी हो गई। अधिसूचना जारी होने के बाद निर्धारित अवधि तक नगर निगम मुख्यालय में दावे-आपत्ति नहीं आए। कागजी खानापूर्ति कर एक सप्ताह में इन कॉलोनियों में निर्माण मंजूरी देने के आदेश जारी कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही इन कॉलोनियों में जिन लोगों ने पहले ही निर्माण कर लिए हैं, वे निर्माण मंजूरी नियमों के दायरे के निर्माण कार्य को निर्धारित शुल्क जमा कराकर वैध करा सकते हैं।

अवैध कॉलोनियों को वैध करने के मामले में पिछले विधानसभा चुनाव के पहले से चल रही कवायद के परिणाम आने शुरू हो गए हैं। शहर में 429 ऐसी अवैध कॉलोनियों का चयन किया गया था, जिन्हें वैध किया जाना था। इसके लिए पहली सूची के रूप में 110 कॉलोनियों को वैध करने के लिए नगर निगम ने 10 अक्टूबर को अधिसूचना जारी की थी।

इसमें दावे-आपत्ति के लिए 15 दिन का समय दिया गया था। लेकिन अभी तक निगम मुख्यालय में दावे-आपत्ति नहीं आए हैं। इसके बाद भी वैधानिक प्रक्रिया को पूरा करते हुए निगम अधिकारी संबंधित क्षेत्र के भवन अधिकारी और भवन निरीक्षकों से जानकारी लेंगे कि उनके पास किसी कॉलोनी को लेकर कोई दावे-आपत्ति तो नहीं आए हैं। यदि कोई दावा या आपत्ति आती है, तो शीघ्रता से उसकी सुनवाई कर निराकरण किया जाएगा। हालांकि एक माह पहले पूर्व विधानसभा क्षेत्र की बैंक कॉलोनी वैध हो चुकी है।

विधानसभावार कुछ चुनिंदा कॉलोनियां, जो वैध हुईं

ग्वालियर विधानसभा…वैध हुई कॉलोनियों की कुल संख्या 18। इसमें गुप्तेश्वर कॉलोनी ग्राम बरा, चंद्रनगर घाटमपुर, शिवशक्ति नगर अकबरपुर, गरगज कॉलोनी, न्यू गायत्री नगर रमटापुरा, न्यू चंद्रनगर, कोटेश्वर रोड, पटेल नगर द्वारिकापुरी आदि शामिल हैं।

ग्वालियर पूर्व…वैध हुई कॉलोनियों की कुल संख्या 28। इसमें आस्था नगर, लोचन नगर, लाल साहब का बगीचा, रचना नगर, राघवपुरम मुरार, सूरी नगर मुरार, कवि नगर, बसंत नगर, सिद्धेश्वर नगर श्मशान रोड, गोदाम बस्ती, प्रगति विहार कॉलोनी, पंडित विहार कॉलोनी गोला का मंदिर, पवनसुत कॉलोनी आदि शामिल हैं।

ग्वालियर दक्षिण... वैध हुई कॉलोनियों की कुल संख्या 63। नवग्रह कॉलोनी, लेले कॉलोनी, जनकपुरी कॉलोनी कोटा, सैनिक कॉलोनी, अयोध्या नगरी, दुर्गा कॉलोनी, किरार कॉलोनी, शिव कॉलोनी, एकता विहार, गुरु कृपा कॉलोनी, शीतला काॅलोनी, चौरसिया कॉलोनी, बालाजीपुरम, प्रीतम कॉलोनी, सावरकर कॉलोनी, जागृति नगर, बेलदार का पुरा आदि शामिल हैं।

नए निर्माण के लिए जमा करना होगा विकास शुल्क
नियमानुसार वैध हुई कॉलोनियों में जिन लोगों के प्लॉट हैं, वे निर्माण मंजूरी शुल्क के साथ विकास शुल्क जो प्रत्येक कॉलोनी का अलग-अलग है, जमा कराकर निर्माण मंजूरी ले सकेंगे। जिन लोगों ने कॉलोनी वैध होने के पहले ही निर्माण करा लिए हैं, वे उक्त शुल्क के साथ समझौता शुल्क जमा कराकर अपने निर्माण को नियमों के दायरे में वैध करा सकेंगे।

वैधानिक प्रक्रिया जल्द पूरी होगी

जिन अवैध कॉलोनियों को वैध करने के लिए अधिसूचना जारी की गई थी, उसकी समयावधि पूरी हो गई है। वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही इनमें निर्माण मंजूरी देने के आदेश जारी किए जाएंगे।
-किशोर कन्याल, आयुक्त नगर निगम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *