लूट-डकैती के आरोपी MLA पर बरसाए फूल ..?
लूट-डकैती के आरोपी MLA पर बरसाए फूल:आलाेट थाने के बाहर समर्थकों ने किया स्वागत; शहर कांग्रेस अध्यक्ष बोले- उन्होंने पूजनीय काम किया
गोदाम से खाद लूट व डकैती के आरोपी विधायक का मंगलवार को आलोट में फूल बराकर स्वागत किया गया। कांग्रेस नेता व आलोट विधायक मनोज चावला को पुलिस अपनी गाड़ी से थाने लेकर आई थी। यहां उनके समर्थक और कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। विधायक मनोज चावला जिंदाबाद के नारे लगाए। पुलिस विधायक को एक दिन के रिमांड पर लेकर आई है।
खाद लूट, डकैती और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में मनोज चावला 10 नवंबर से फरार थे। उन्होंने सोमवार को कोर्ट में सरेंडर किया था। इसके बाद अदालत ने कांग्रेस विधायक को जेल भेज दिया है। मंगलवार को आलोट पुलिस विधायक को पूछताछ के लिए थाने ले कर आई। विधायक के आलोट थाने में पहुंचने से पहले ही उनके सैकड़ों समर्थक आलोट थाने के बाहर पहुंच गए। पुलिस जब लूट के आरोपी विधायक को लेकर पहुंची तो कई जगह गाड़ी पर फूल बरसाकर चावला का स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने सरकार और सीएम के खिलाफ नारे लगाए।
विधायक ने पूजनीय काम किया : कांग्रेस अध्यक्ष
विधायक का स्वागत करने पहुंचे शहर कांग्रेस अध्यक्ष अभिनव निगम का दावा है कि विधायक मनोज चावला ने पूजनीय काम किया है, यह क्षेत्र के किसान कह रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान नेता नरेंद्र सिंह परिहार ने आरोप लगाया कि यह सरकार की तानाशाही है। विधायक मनोज चावला ने खाद्य गोदाम पर किसानों को खाद मिलने में आ रही समस्या दूर करने का काम किया था। लूट-डकैती जैसी धारा सरकार के इशारों पर दर्ज कर दी गई। हम किसानों के हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे।
पूर्व CM के निर्देश पर किया सरेंडर
सोमवार को कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से मुलाकात की थी। कमलनाथ ने कार्यकर्ताओं से कहा था कि विधायक मनोज चावला को न्यायालय में सिलेंडर करवा दो। इसके बाद विधायक मनोज चावला ने इंदौर कोर्ट में सरेंडर किया था। आलोट SDOP साबेरा अंसारी ने बताया कि वीडियो सामने आने पर विधायक सहित दो लोगों पर कार्रवाई की थी। अब आगे की कार्रवाई जारी है।