अयोध्या : 400 करोड़ से राम मंदिर का 60% काम पूरा …!
400 करोड़ से राम मंदिर का 60% काम पूरा:आज सामने आएंगी नई तस्वीरें; पहला चरण 2023 तक पूरा हो रहा
श्रीराम जन्मभूमि में राममंदिर का निर्माण जोरों पर चल रहा है। मंदिर निर्माण तीन चरणों में पूरा होगा। पहला चरण अगस्त 2023 तक पूरा होगा। दूसरा चरण दिसंबर 2024 में जबकि 2025 तक मंदिर आकार ले चुका होगा। मंदिर निर्माण का अब तक 60 फीसदी काम हो चुका है, करीब 400 करोड़ खर्च हो चुके हैं। मंदिर निर्माण में 1800 करोड़ के खर्च का अनुमान है।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय ने कहा कि आज दोपहर 12 बजे के बाद एक घंटे के लिए मीडिया को परिसर में बुलाया गया है।

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की योजना है कि जनवरी 2024 से मंदिर को भक्तों के लिए खोल दिया जाएगा। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ.अनिल मिश्र ने बताया कि मंदिर निर्माण के लिए पर्याप्त धनराशि ट्रस्ट के पास मौजूद है। अब तक करीब चार सौ करोड़ खर्च हो चुके हैं। मंदिर की लागत 1800 करोड़ तय की गई है। अभी मंदिर के भूतल निर्माण के क्रम में गर्भगृह का काम चल रहा है।
बताया कि गर्भगृह में निर्मित किए जाने वाले छह खंभों का निर्माण भी शुरू है। ये मकराना के मार्बल से बनाया जा रहा है। मार्बल के खंभेनुमा पीस को एक दूसरे में जोड़कर तैयार किया जा रहा है। ये खंभे 19.3 फीट ऊंचे होंगे। इसके अतिरिक्त मुख्य मंदिर के गर्भगृह में फर्श, मेहराब, रेलिंग, दरवाजे के फ्रेम सफेद मकराना संगमरमर से ही तैयार किए जाएंगें, इनकी खरीद व गढ़ाई शुरू है।