भिण्ड – अवैध गैस गोदाम पर छापा …!

387 घरेलू व कमर्शियल सिलेंडर जब्त … खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने एक गोदाम किया सील

भिण्ड. शहर के बायपास रोड पर साई इंडियन गैस एजेंसी के नीचे तलघर में चल रहे अवैध गोदाम पर खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने पुलिसबल के साथ छापेमारी की। गोदाम संचालक पर विस्फोटक लाइसेंस नहीं मिला। गोदाम से 387 कमर्शियल, घरेलू और छोटे सिलेंडर जब्त किए। मौके पर अग्निशमन यंत्र तक नहीं मिले। बरामद सिलेंडरों को सूर्या गैस एजेंसी के गोदाम में रखवाया है। वहीं टीम ने एजेंसी के परा में संचालित वैध गोदाम पर भी छापा डाला, जहां गोदाम बंद मिला। अधिकारियों ने गोदाम को सील कर पूरी कार्रवाई का प्रतिवेदन बनाकर कार्रवाई के लिए कलेक्टर को सौंपा है।

गोदाम से 8.86 लाख के सिलेंडर जब्त

छापामारी में टीम ने कुल 387 सिलेंडर जब्त किए हैं। जिसमें 14.2 किलो के 92 भरे सिलेंडर, 19 किलो के नीले रंग के 17 कमर्सियल भरे, 5 किलो के 57 छोटे सिलेंडर, 14.2 किलो के 168 खाली, 12 कमर्सियल और 41 5 किलो के खाली सिलेंडर बरामद किए। जिसमें 166 सिलेंडर भरे व 221 खाली हैं। जब्त सिलेंडरों की कीमत 8 लाख 86 हजार 674 रुपए है। कनिष्ट आपूर्ति अधिकारी राम तोमर ने बताया सिलेंडरों को यहां से हटाकर सुरक्षित जगह पर सूर्या एजेंसी के गोदाम में पहुंचाया गया है। आवासीय क्षेत्र में विस्फोटक पदार्थ का रहना पूरी तरह से जोखिम भरा है। इसलिए यह कार्रवाई की है।

गैस एजेंसी की आड़ में चल रहा था गोदाम

भिण्ड कनिष्ट आपूर्ति अधिकारी ज्योति थानेश्वर, मेहगांव कनिष्ट आपूर्ति अधिकारी राम तोमर और गोहद के कनिष्ट अधिकारी अजय अष्ठाना पुलिस बल के साथ दोपहर साढ़े 12 बजे बायपास पर निराश्रित भवन के सामने संचालित साई गैस एजेंसी पर पहुंचे। एजेंसी मालिक अमित त्रिपाठी मौके पर नहीं मिले। पहले से शिकायत के आधार पर टीम एजेंसी के नीचे बेसमेंट में पहुंची, जिसमें गैस का अवैध गोदाम एजेंसी की आढ़ में संचालित था। कम्प्यूटर ऑपरेटर लवकुश ने गोदाम का ताला खोला। संचालक त्रिपाठी द्वारा यह गोदाम बिना विस्फोटक लाइसेंस के चलाया जा रहा था। जिसमें आबादी के बीच बड़ी तादात में सिलेंडर का भंडारण पाया गया।

परा में गोदाम सील

साई गैंस एजेंसी का वैध गोदाम शहर से 12 किमी दूर परा गांव में बना है। लेकिन शहर के ग्राहकों को सिलेंडर बायपास के पास एजेंसी के नीचे बने अवैध गोदाम से दिए जा रहे थे। टीम ने सिलेंडर जब्त कर परा गोदाम पर भी छापेमारी की, लेकिन गोदाम बंद मिला। अधिकारियों ने गोदाम को सील कर दिया है। संचालक को बुलाकर उसे खुलवाया जाएगा, जिसके बाद गोदाम में जांच उपरांत कार्रवाई की जाएगी।

7 साल से घर में चला रहा था अवैध गोदाम

बायपास रोड पर संचालक अमित ने सात वर्ष पूर्व खुद के मकान में साई गैस एजेंसी खोली थी। इसका गोदाम परा में बनाया गया था, लेकिन तलघर में चोरी-छिपे बिना लाइसेंस के अवैध गोदाम संचालित कर दिया। यह गोदाम आबादी के बीच में संचालित है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। शिकायत पर खनिज आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है, जबकि गोदाम लंबे समय से संचालित था, जिस पर पहले ही कार्रवाई होनी थी।

इन एजेंसियों के यहां संचालित हैं गोदाम

शहर में बालाजी गैस एजेंसी का गैस गोदाम चंदूपुरा रोड पर संचालित है, यहां भी नवीन आबादी क्षेत्र और स्कूल व कॉलेज बने हैं।

भारत गैस एजेंसी का गोदाम अटेर रोड पर क्रॉसिंग के आगे धरई रोड पर संचालित है, यह आउटर में है।

साई गैस एजेंसी का गोदाम परा में संचालित है, लेकिन चोरी-छिपे शहर के बीचों बीच संचालित था।

सूर्या गैस एजेंसी का गोदाम फलमंडी के आगे अजूरी पुरा रोड पर है, जो शहरी आबादी से दूर है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *