आइएएस अफसरों की पत्नियां करोड़पति, इनसे भी आगे आइपीएस-आइएफएस वाले

संपत्ति का ब्योरा: खुद की अलग प्रॉपर्टी, पति के साथ हिस्सेदारी में भी खूब …

भोपाल. प्रदेश के आइएएस अफसरों की संपत्ति करोड़ों की है, तो उनकी पत्नियां भी पीछे नहीं। कई आइएएस अफसरों की पत्नियां करोड़ों की संपत्ति की मालकिन हैं। आइएएस अफसरों की ज्यादातर संपत्ति उनकी पत्नियों के साथ संयुक्त रूप से है, जबकि कुछ की पत्नियों के पास संयुक्त के अलावा भी खुद के नाम पर लाखों-करोड़ों की संपत्ति है, इसलिए दोनों तरह से ये पत्नियां करोड़ों की संपत्ति की मालकिन हैं। आइएएस, आइपीएस और आइएफएस प्रमुखों की पत्नियों की बात करें, तो आइपीएस व आइएफएस की पत्नियों के पास ज्यादा संपत्ति है। पढ़िए, इस पर विशेष रिपोर्ट..

सीएस की पत्नी का मकान हिस्सेदारी में

पंजाब के मोहाली में मप्र के सीएस इकबाल सिंह बैंस की पत्नी सिमरन बैंस का 1.10 करोड़ का मकान हिस्सेदारी में है। पचास फीसदी हिस्सेदारी पत्नी की है। इससे चार लाख रुपए की कमाई भी है। बाकी सीएस की अन्य संपत्ति अलग है।

डीजीपी की पत्नी का खुद का फ्लैट

आइपीएस में देखें तो डीजीपी सुधीर सक्सेना की पत्नी प्रियंवदा का नोएडा-आम्रपाली में खुद का फ्लैट है। कीमत नहीं बताई है। पति के साथ हिस्सेदारी में भोपाल के फैथ-रिचमोंट में 60 लाख का फ्लैट है। बाकी डीजीपी की दो संपत्ति अलग हैं।

पीसीसीएफ की पत्नी का 85 लाख का मकान: इंडियन फॉरेस्ट सर्विस (आइएफएस) में प्रधान मुख्य वन संरक्षक व वनबल प्रमुख रमेश कुमार गुप्ता की पत्नी कीर्ति गुप्ता के पास भोपाल के दानिश नगर में 85 लाख का मकान है। वहीं पति के साथ हिस्सेदारी में भोपाल-अरन्यवली में 68 लाख का प्लॉट है। इसके अलावा पति की संपत्ति अलग है।

जानिए वरिष्ठ आइएएस अफसरों की पत्नियों की संपत्ति

एसीएस अनुराग जैन की पत्नी नमिता जैन का भोपाल-प्रेमपुरा में 55 लाख का मकान, उत्तरप्रदेश में 79 लाख का फ्लैट।

एसीएस जेएन कंसोटिया की पत्नी प्रेमलता कंसोटिया की सिवनी-मालवा-नर्मदापुरम में 36 लाख की कृषि भूमि।

एसीएस मोहम्मद सुलेमान की पत्नी सीमा सुलेमान की सहारनपुर (यूपी) में दो करोड़ की कृषि भूमि।

एसीएस अजीत केसरी की पत्नी रितु केसरी की रायपुर में जमीन। हिस्सेदारी में अन्य प्रॉपर्टी भी।

एसीएस मलय श्रीवास्तव की पत्नी उदिता श्रीवास्तव का भोपाल-विद्यानगर में दो करोड़ और बरखेड़ीखुर्द में 1.35 करोड़ का प्लॉट। इसके अलावा हुजूर में 65 लाख की जमीन।

एसीएस अशोक वर्णवाल की पत्नी की बिसनखेड़ी-हुजूर में जमीन, बावड़िया कलां में 80 व 75 लाख के दो मकान। बावड़िया कलां में दो करोड़ का कमर्शियल स्पेस।

पीएस केसी गुप्ता की पत्नी का हुजूर-जाटखेड़ी में 55 लाख का 3585 वर्गफीट का मकान।

पीएस नीरज मंडलोई की पत्नी सीमा के पास इंदौर-शालीमार में 60 लाख और निपानिया में 35 लाख की संपत्ति है। पति की 4.20 करोड़ की संपत्ति में हिस्सेदारी।

पीएस संजय दुबे की पत्नी रचना दुबे का भोपाल में 50 लाख का फ्लैट। एक करोड़ का मकान भी।

पीएस संजय शुक्ला की पत्नी संध्या शुक्ला की सीहोर में दो कृषि भूमि। बाकी चार संपत्तिमें हिस्सेदारी भी है।

पीएस उमाकांत उमराव की पत्नी रुचि उमराव का उत्तरप्रदेश में एक करोड़ का प्लॉट और 15 लाख की कृषि भूमि। इसके अलावा भोपाल-जाटखेड़ी में 68 लाख का घर।

सचिव पी. नरहरि की पत्नी भगवती गीता की तेलंगानामें 1.68 करोड़ की जमीन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *