भारत के रक्षा मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह का आज जन्मदिन हैं। राजनाथ सिंह का जन्म यूपी के एक छोटे से गांव में हुआ था। एक साधारण परिवार से आने के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर यूपी के सीएम से लेकर देश के गृह मंत्री और रक्षा मंत्री तक का सफर किया। आइये जानते हैं उनके बारे में।

कहां हुआ राजनाथ सिंह का जन्म?

दरअसल, राजनाथ स‍िंह का जन्म 10 जुलाई 1951 को उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के भभौरा गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम राम बदन सिंह और माता का नाम गुजराती देवी है। बताया जाता है कि राजनाथ सिंह जब 13 साल के थे तो वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ जुड़ गए थे। इसके बाद उन्होंने एबीवीपी के साथ एक छात्र कार्यकर्ता के रूप में अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया था।

टीचर से राजनेता तक का ऐसा रहा सफर…
  • राजनाथ सिंह ने शुरूआती पढ़ाई अपने गांव से ही की।
  • इसके बाद उन्हें उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए गोरखपुर आना पड़ा। यहां उन्होंने गोरखपुर यूनिवर्सिटी से फिजिक्स में मास्टर्स की डिग्री ली।
  • राजनाथ सिंह ने मिर्जापुर के के.बी. पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में फिजिक्स के टीचर भी रहे हैं।
  • 1969 और 1971 के बीच वह गोरखपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संगठनात्मक सचिव थे।
  • हालांकि, औपचारिक रूप से राजनाथ सिंह 1974 में राजनीति में शामिल हुए थे। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरूआत जनता पार्टी से की थी।
  • राजनाथ सिंह इमरजेंसी के दौरान जेल भी गए थे।
  • साल 1977 में राजनाथ सिंह ने मिर्जापुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़कर जीत हासिल की।
  • इसके बाद उन्होंने 1980 के दशक को भाजपा को ज्वॉइन कर लिया।
  • राजनाथ सिंह 1984 में भाजपा युवा विंग के राज्य अध्यक्ष, 1986 में राष्ट्रीय महासचिव भी बनें।
  • इसके अलावा राजनाथ 1991 में उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार में उन्हें शिक्षा मंत्री भी बनाया गया। इसी दौरान एंटी-कॉपिंग एक्ट लाया गया था। जो चर्चाओं में रहा था।
  • साल 1994 में राजनाथ सिंह राज्यसभा के लिए चुने गए।
राजनाथ ने संभाली ये जिम्मेदारी

बता दें कि राजनाथ सिंह, अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इसके बाद साल 2000 में वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। हालांकि, उनकी सरकार ज्यादा समय तक नहीं चल पाई। इसके बाद उन्होंने वाजपेयी सरकार में साल 2003 में कृषि मंत्री का पदभार संभाला था। राजनाथ सिंह दो बार पार्टी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

इससे पहले यह उप‍लब्धि अटल बिहारी वाजपेयी और लाल कृष्‍ण आडवाणी के पास ही थी। साल 2009 में राजनाथ सिंह गाजियाबाद से सांसद चुने गए। इसके बाद उन्होंने 2014 में लखनऊ से लोकसभा का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी। नरेन्द्र मोदी की सरकार में गृहमंत्री के रूप में उन्होंने शपथ ली।

राजनाथ सिंह के परिवार में कितने मेंबर?

बता दें कि राजनाथ सिंह ने सावित्री सिंह से शादी की है। इसके अलावा उनके दो बेटे और एक बेटी है। पंकज सिंह तो बीजेपी के विधायक हैं। इसके अलावा उनके एक अन्य बेटे का नाम नीरज सिंह और बेटी अनामिका सिंह हैं। फिलहाल राजनाथ सिंह केंद्री सरकार में रक्षा मंत्री के रुप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।