IAS वीरा राणा को मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार !

बैंस की सेवानिवृति के बाद कल पदभार संभालेंगी; सीनियरिटी की वजह से मिली जिम्मेदारी

1988 बैच की IAS वीरा राणा 30 नवंबर को निवर्तमान मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस की सेवानिवृति के बाद कार्यभार संभालेंगी।

1988 बैच की IAS वीरा राणा अगले आदेश तक माध्यमिक शिक्षा मंडल अध्यक्ष और कृषि उत्पादन आयुक्त (अतिरिक्त प्रभार) के साथ मुख्य सचिव के कर्तव्यों का निर्वहन करेंगी। वे 30 नवंबर को बैंस की सेवानिवृति के बाद कार्यभार संभालेंगी। राणा ने बुधवार शाम को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की थी।

इससे पहले बैंस को 30 नवंबर 2022 को रिटायर होना था, लेकिन इसके ठीक एक दिन पहले 29 नवंबर की रात उन्हें 6 महीने के लिए 30 मई 2023 तक एक्सटेंशन दे दिया गया। 30 मई आई तो मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव का समय करीब था। ऐसे में इकबाल सिंह बैंस को दोबारा 6 महीने के लिए नवंबर 2023 तक सेवा विस्तार दिया गया था।

चुनाव आयोग से अनुमति के बाद मिला मौका

माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष वीरा राणा मध्यप्रदेश कैडर की सीनियर आईएएस अफसर होने के नाते मुख्य सचिव बनने में सफल रही हैं। सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने आचार संहिता लगी होने के कारण वीरा राणा, मोहम्मद सुलेमान और विनोद कुमार के नाम का पैनल चुनाव आयोग को भेजा था। इस बार चुनाव आयोग को यह जानकारी सीधे भेजी गई थी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के माध्यम से पत्राचार नहीं किया गया था।

जीएडी‌ अफसरों के अनुसार, राणा को मुख्य सचिव पद की जिम्मेदारी अतिरिक्त प्रभार के रूप में सौंपी गई है। ऐसे में नई सरकार बनने के बाद वे मार्च तक इस पद पर बनी रहेंगी या एक महीने के भीतर उनके कार्य प्रभार में बदलाव होगा, यह सरकार गठन के बाद ही तय हो पाएगा।

CS इकबाल सिंह बैंस को दो बार 6-6 माह के लिए एक्सटेंशन दिया जा चुका है।
CS इकबाल सिंह बैंस को दो बार 6-6 माह के लिए एक्सटेंशन दिया जा चुका है।

CS की रेस में इन अफसरों के नाम भी थे

मई 2023 में बैंस को दूसरा एक्सटेंशन देने के पहले केंद्र में पदस्थ अजय तिर्की और अनुराग जैन के नामों को लेकर खासी चर्चा हुई थी। तिर्की दिसंबर 2023 में रिटायर हो रहे हैं जबकि अनुराग जैन का रिटायरमेंट अगस्त 2025 में होना है। जैन से भी सीनियर दो IAS संजय बंदोपाध्याय और वीरा राणा हैं। केंद्र में पदस्थ बंदोपाध्याय अगस्त 2024 में रिटायर होंगे।

जब बैंस के दूसरे एक्सटेंशन की अवधि खत्म होने पर आई तो मुख्य सचिव के लिए अन्य दावेदारों में डॉ. राजेश राजौरा, एसएन मिश्रा और मलय श्रीवास्तव के नाम भी सामने आए थे। ये सभी 1990 बैच के अफसर हैं।

इन अफसरों के अलावा ACS स्तर के जो अधिकारी CS की पात्रता रखते हैं, उनमें जुलाई 2025 में रिटायर होने वाले ACS हेल्थ मो. सुलेमान के साथ केंद्र में पदस्थ 1989 बैच के आशीष उपाध्याय का नाम भी शामिल रहा था। वे सितंबर 2024 में रिटायर होंगे। इसी बैच के राजीव रंजन भी केंद्र में पदस्थ हैं, लेकिन वे अगले महीने सेवानिवृत हो जाएंगे।

1989 बैच के विनोद कुमार ACS जीएडी और इसी बैच के ACS पशुपालन जेएन कंसोटिया का नाम भी मुख्य सचिव के लिए सामने आया था। विनोद कुमार मई 2025 और कंसोटिया अगस्त 2025 में रिटायर होंगे। मई 2024 में रिटायर होने वाले 1990 बैच के एके राय अध्यक्ष राजस्व मंडल ग्वालियर का भी नाम भी सीएस की रेस में शामिल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *