ग्वालियर : जेल की दीवारों से भी ऊंची है बंदियों की साठगांठ !

जेल की दीवारों से भी ऊंची है बंदियों की साठगांठ
जेल की दीवारों से बड़ी बंदियों और जेल प्रहरियों के बीच की साठगांठ है। इसका खुलासा कलेक्टर रूचिका चौहान और एसपी धर्मवीर सिंह की तलाशी में हुआ। 200 जवानों और पुलिस अधिकारियों के साथ कलेक्टर-एसपी गुरुवार शाम को यहां पहुंच गए।
Gwalior News: जेल की दीवारों से भी ऊंची है बंदियों की साठगांठ
  1. जेल में कलेक्टर और एसपी ने डेढ़ घंटे तक ली तलाशी
  2. कैदियों के पास से मिला प्रतिबंधित सामान

 ग्वालियर। जेल की दीवारों से बड़ी बंदियों और जेल प्रहरियों के बीच की साठगांठ है। इसका खुलासा कलेक्टर रूचिका चौहान और एसपी धर्मवीर सिंह की तलाशी में हुआ। 200 जवानों और पुलिस अधिकारियों के साथ कलेक्टर-एसपी गुरुवार शाम को यहां पहुंच गए। करीब डेढ़ घंटे तक जांच चली। इस दौरान जेल के अंदर वह सबकुछ मिला, जो प्रतिबंधित है। बता दें कि लंबे समय से जेल के अंदर औचक जांच पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा नहीं की गई थी। जेल के अंदर रिश्वतखोरी और हर सामान बंदियों तक पहुंचने की खबर अधिकारियों तक पहुंची थी।

एसपी धर्मवीर सिंह ने कलेक्टर रूचिका चौहान से औचक जांच को लेकर बात की और पूरी प्लानिंग के साथ गुरुवार शाम करीब 6 बजे दर्जनों गाड़ियों से पहुंचे। इतनी संख्या में पुलिस और प्रशासनिक अमला देखकर जेल प्रबंधन भी सकते में रह गया। अधिकारियों ने मोबाइल बंद किए, इसके बाद जेल के अंदर पहुंच गए। यहां सभी बैरकों की जांच हुई। मिलाई रजिस्टर देखा गया।

जेल परिसर में 8 लाइटर मिले जो बैरक में छिपाकर रखे थे। बंदियों से बीड़ी, तंबाकू, तंबाकू मिला गांजा, पान मसाला मिला। एक बंदी की तलाशी लेने पर उसके पास से एक हजार रुपये बरामद हुए। कई बंदियों ने रुपये फेंक दिए जो बैरक के बाहर मिले। जेल प्रहरियों की भी तलाशी ली गई। जेल के अंदर मिले आपत्तिजनक सामान को लेकर कलेक्टर और एसपी ने नाराजगी जताई है। तलाशी के दौरान कलेक्टर, एसपी के अलावा एएसपी सियाज केएम, सीएसपी आयुष गुप्ता, सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार सहित आठ थाना प्रभारी, 25 एसआइ और 200 जवान थे। हाल ही में जेल में मिलाई के दौरान रिश्वतखोरी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हुआ था। इसके बाद जेल प्रहारी को निलंबित कर दिया गया। जेल के अंदर से शहर के गैंगस्टर और कुख्यात गुंडों का नेटवर्क चल रहा है। इन्हें जेल के अंदर सारी सुविधाएं उपलब्ध हो जाती हैं।

मुख्यालय जाएगी रिपोर्ट

लोकसभा निर्वाचन के चलते केंद्रीय जेल का निरीक्षण किया गया था। जेल में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है,इसको लेकर पूरी रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय को भेजी जाएगी। आगामी कार्रवाई वरिष्ठ स्तर पर होगी।

रुचिका चौहान, कलेक्टर

जेल के अंदर सर्चिंग के दौरान ऐसा सामान मिला है, जो प्रतिबंधित है। इसे लेकर अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। लगातार जांच की जाएगी।

धर्मवीर सिंह, एसपी

जेल के अंदर सामान मिलना आपत्तिजनक है। यह सामान कैसे पहुंचा, किसकी गलती से पहुंचा इसकी जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होगा कार्रवाई होगी।

विदित सरवैया, जेल अधीक्षक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *