मौसम अपडेट: दिल्ली समेत उत्तर भारत में शीतलहर से कंपकंपी, बर्फबारी से फिर लौटी हाड़ गलाने वाली ठंड, जानें 20 जनवरी का पूर्वानुमान

पहाड़ों पर पिछले दिनों हुई बर्फबारी का असर दिल्ली एनसीआर में दिखने लगा है। इस कारण राजधानी समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में बर्फीली हवाएं चल रही हैं। उत्तर भारत के अधिकतर इलाकों में रविवार को तापमान में गिरावट आई। वहीं कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के पर्यटक स्थलों पर हाड़ गलाने वाली सर्दी पड़ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार तक बर्फीली हवाओं से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दिल्ली में आज भी तेज हवाएं चल रही हैं और ठंड बढ़ गई है। आज सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और कोहरा भा छाया रहा।

पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पिछले दिनों पहाड़ों में हुई बर्फबारी का असर रविवार को दिल्ली में दिखाई दिया। इस कारण दिल्ली में रविवार सुबह 14 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। वहीं, शाम को हवा की रफ्तार 12 किमी प्रति घंटा रही। इस वजह से न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को भी तापमान कम रहने के आसार हैं।

अगले 24 घंटों का मौसम
स्काईमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी का असर दिखेगा तो असम, नागालैंड, पंजाब और तटीय तमिलनाडु में कहीं-कहीं हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तरी झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, उत्तरी मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में कुछ स्थानों पर मध्यम तो एक-दो जगहों पर घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं।

दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना: मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में पश्चिमी विक्षोभ एक बार फिर असर दिखा सकता है। इस वजह से मंगलवार को दिल्ली में बूंदाबांदी के आसार हैं। सुबह के समय मध्यम स्तर का कोहरा भी रहने की उम्मीद है।

तीन दिन हवाओं की गति रहेगी तेज : मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल इस सप्ताह बर्फीली हवाओं से राहत नहीं मिलने के आसार हैं। तो वहीं बुधवार से शुक्रवार तक हवा की गति में परिवर्तन होने की संभावना है, जिसके तहत बुधवार से शुक्रवार तक हवा की गति और तेज हो सकती है, जिसमें सुबह 18 किमी तो दोपहर में 15 किमी और शाम के समय 20 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने की संभावना है। इसके साथ ही इस पूरे सप्ताह में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास और अधिकतम तापमान 18 डिग्री के करीब बना रहेगा।

खराब श्रेणी में हवा : सीपीसीबी के अनुसार, रविवार को सुबह 11 बजे तक आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक 335 दर्ज किया गया जो बहुत खराब की श्रेणी में आता है, जबकि आईटीओ क्षेत्र में सूचकांक 293 रहा जो खराब की श्रेणी में आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *