मध्य प्रदेश में एमबीबीएस फर्जीवाड़ा……फर्जी प्रमाण लगाने वाले 18 अभ्यर्थी मिले, फिर भी पिछले वर्षों की जांच नहीं
मध्य प्रदेश में एमबीबीएस फर्जीवाड़ा।- पूर्व के वर्षों में काउंसलिंग में भी फर्जी अभ्यर्थियों के प्रवेश की आशंका है।
- आशंका है कि पिछले वर्षों में भी इस तरह फर्जी प्रमाण पत्र से प्रवेश हुए हों।
- पिछले सत्रों में गड़बड़ी की जांच चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने नहीं कराई।
बता दें कि इस वर्ष मूल निवासी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, सरकारी स्कूल कोटा, जाति प्रमाण पत्र और एनआरआई कोटे फर्जी प्रमाण पत्र मिल चुके हैं। सबसे पहले विदिशा के सरकारी मेडिकल कॉलेज में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कोटे का प्रमाण पत्र संदिग्ध मिला था।
इसके बाद संचालक चिकित्सा शिक्षा अरुणा कुमार ने सभी कालेजों को प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की गहराई से जांच करने के लिए कहा था। इसके बाद पहले चरण, दूसरे और मापअप चरण में लगातार फर्जी प्रमाण पत्र मिले। इसी तरह से शैक्षणिक सत्र 2024-25 में लगभग 50 अभ्यर्थियों ने मूल निवासी प्रमाण पत्र फर्जी लगाए थे।
सीट आवंटन के पहले ही यह गड़बड़ी पकड़ी गई थी, पर उसके पहले के वर्षों में प्रवेशित विद्यार्थियों के मूल निवासी प्रमाण पत्रों की जांच नहीं कराई गई। इस मामले में संचालक चिकित्सा शिक्षा अरुणा कुमार का कहना है कि पिछले वर्षों की काउंसलिंग के दस्तावेजों की जांच कराना कठिन होगा।
