भितरवार मंडी में किसान ने व्यापारियों को जूते से पीटा !
ग्वालियर जिले के भितरवार कृषि उपज मंडी में मंगलवार को धान खरीदी के रेट को लेकर किसान और व्यापारियों के बीच जमकर हंगामा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ किसानों ने व्यापारियों की जूते से पिटाई कर दी।
किसानों ने आरोप लगाया कि व्यापारी जानबूझकर धान का 2200 रुपए रेट बता रहे थे। मैं एक ट्रॉली धान लेकर आया था। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई।
मंडी में अचानक हुए इस हंगामे से अफरा-तफरी मच गई। कई व्यापारी अपनी जान बचाकर मंडी परिसर से भागते हुए दिखाई दिए।
ये है पूरा मामला
यह पूरी घटना मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि धान खरीदी को लेकर किसान कल्लू रावत निवासी ररुआ का भोले बाबा तहनगुनिया ट्रेडर्स के व्यापारी संदीप मोदी और गजेन्द्र शर्मा से विवाद हुआ तो किसान कल्लू रावत ने दोनों व्यापारियों की जूते से पिटाई कर दी। मारपीट होती देख कई व्यापारियों ने भागकर अपना बचाव किया।

व्यापारियों ने की हड़ताल
इस घटना के बाद कृषि उपज मंडी समिति भितरवार के व्यापारी एकजुट हो गए हैं और उन्होंने हड़ताल शुरू कर दी है। व्यापारियों ने प्रशासन से अपनी सुरक्षा तय करने की मांग की है। इससे मंडी में धान खरीदी का काम पूरी तरह ठप हो गया है।

मामले की शिकायत पुलिस के पास पहुंची तो पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। वहीं, स्थानीय प्रशासन स्थिति को सामान्य करने और शांति बहाल करने के प्रयासों में जुटा हुआ है।
भीतरवार एसडीओपी जितेंद्र नागाइच ने बताया कि मंडी परिसर में धान खरीदी को लेकर व्यापारी और किसानों में विवाद हुआ है। आवेदन आया है। जांच कर रहे हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

