ग्वालियर : महाराज बाड़ा को ह्रदय स्थल से बनाया नरक स्थल ?

ग्वालियर सड़कों को लेकर लगातार बदनामी झेल रहा है। यहां की सड़कें कभी धंसक जाती है और नीचे सुरंग नजर आने लगती है तो कभी चलते-चलते ट्रक गड्ढे में समा जाता है। आम आदमी पार्टी लगातार खराब सड़कों को लेकर प्रदर्शन करती रही है। मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने पूर्व जिलाध्यक्ष अमिताभ पांडेय के नेतृत्व में ग्वालियर के ह्रदय स्थल महाराज बाड़ा की जर्जर सड़क के लिए धरना प्रदर्शन किया है। “आप’ नेता अमिताभ पांडेय अपने कार्यकर्ताओं के साथ महाराज बाड़ा पहुंचे और जर्जर व पानी से भरी सड़कों पर बैठे और प्रदर्शन किया है। उनका आरोप है कि प्रदेश भाजपा सरकार के समय में सड़कों की जो हालत है वह कभी नहीं हुई। यही कारण है कि ग्वालियर का ह्रदय स्थल नरक स्थल बनकर रह गया है। शासन, प्रशासन आंख, कान बंद कर बैठा है।

ग्वालियर में आम आदमी पार्टी लगातार मूलभूत सुविधाओं सड़क, पानी व बिजली के लिए लड़ाई लड़ती रही है और भाजपा शासन के खिलाफ बोलती रही है। बारिश के मौसम में जगह-जगह जलभराव पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पानी में बैठकर प्रदर्शन करते रहे हैं।
इसी सिलसिले में मंगलवार काे आम आदमी पार्टी ने महाराज बाड़ा जिसे ग्वालियर की शान माना जाता है और हजारों लोग यहां खरीदारी करने, घूमने जाते हैं उसकी बेकदरी का मुद्दा उठाया है। आम आदमी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष अमिताभ पांडेय अपने कार्यकर्ताओं के साथ महाराज बाड़ा पर पहुंचे और यहां धरना प्रदर्शन किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पूरा ग्वालियर बुरी तरह खुदा पड़ा हुआ है और लोग सड़क हादसों के शिकार हो रहे हैं, लेकिन शासन, प्रशासन व नगर निगम सुनने को तैयार नहीं है।
सरकार ने आंख, नाक व कान बंद हैं
प्रदेश की भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन पर लापरवाही व गैर जिम्मेदाराना होने का आरोप लगाते हुए आप नेता ने कहा कि ग्वालियर शहर की सड़कें अपने भाग्य पर रो रही हैं और प्रदेश के भाजपा मोहन सरकार अपनी आंख, कान व नाक बंद कर बैठी है। महाराज बाड़ा पर हजारों लोग आते हैं, जिसमें पर्यटक भी होते हैं।
ऐसे में ग्वालियर की क्या छवि बनती होगी आप समझ सकते हैं। ग्वालियर का सबसे मुख्य स्थल महाराज बाड़ा जिसे ग्वालियर का ह्रदय स्थल भी कहा जाता है। वहां आज यह हालत है कि सड़क खुदी पड़ी है और गड्ढे ही गड्ढे हैं। यहां पानी भरा है और लोग सड़क हादसों का शिकार हो रहे हैं। लगातार प्रशासनिक अधिकारी यहां से गुजरते हैं, लेकिन कोई इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
आम आदमी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष अमिताभ पांडेय का कहना है
जल्द सड़कों का निर्माण नहीं हुआ तो हम ग्वालियर से लेकर भोपाल तक घेराव करेंगे। पर ग्वालियर की जनता अब चुप नहीं बैठेगी।

