मधुरिमा, नीलकंठ, छप्पन भोग में मिठाइयां सड़ी मिलीं !
लखनऊ वाले जिन दुकानों को ब्रांडेड मानकर उनकी मिठाइयां खा रहे हैं, अब उनसे सावधान होने का समय है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने कई ब्रांडेड दुकानों पर छापे मारे तो यहां कई गड़बड़ियां मिलीं। मधुरिमा तक की रसोई में गंदगी मिली। राधेलाल क्लासिक के यहां मिली मिठाई कहीं बाहर की थी, उन्होंने केवल अपनी मुहर लगा रखी थी।
FSDA के बुधवार रात में मारे छापे में 20 लाख रुपए की सड़ी मिठाइयां पकड़ी गईं। इन्हें तुरंत नष्ट तो कराया ही गया, साथ ही राधेलाल क्लासिक, कंचन स्वीट्स और सियाराम स्वीट्स की दुकानों को सील कर दिया। कुल 10 नामी दुकानों से कुल 36.64 क्विंटल मिठाई सहित खाद्य सामग्री पकड़ी। करीब 595 किलो मिठाई खाने लायक नहीं थी। 21 सैंपल लिए हैं।

दिवाली की बची मिठाई अब भी बेच रहे थे
FSDA आयुक्त रोशन जैकब ने बताया- 10 टीमों ने एक साथ मोती महल, रिट्ज, राधेलाल क्लासिक, मधुरिमा, नीलकंठ, सियाराम, महालक्ष्मी, श्याम स्वाद, कंचन स्वीट्स और छप्पन भोग जैसी बड़ी दुकानों का निरीक्षण किया। कई दुकानों में एक्सपायर मिठाई, दूसरी जगहों की मिठाई में अपनी मुहर, मिसब्रांडेड सामग्री और रंगीन पेठा जैसे पदार्थ रखे मिले।
नादरगंज स्थित छप्पन भोग दुकान और कारखाने में टीम ने 8 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। यहां बड़ी मात्रा में मिस ब्रांडेड और मिलावटी मिठाई और खाद्य सामग्री मिली। कुल 36.64 क्विंटल मिठाई और संदिग्ध सामग्री सीज की गई। इनकी कीमत करीब ₹14,40,000 है। छप्पन भोग से 10 किलो रंगीन पेठा नष्ट कराया गया।

अलीगंज में ₹3.6 लाख की मिठाई नष्ट
अलीगंज की श्याम स्वाद मिठाई की दुकान पर करीब 3 क्विंटल काजू की मिठाई जब्त की। इसकी बाजार कीमत ₹3,60,000 रुपए है। दो नमूने जांच के लिए लिए गए। स्वच्छता में सुधार के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि मिठाई बनाने में उपयोग हो रहा घी और ड्राई फ्रूट खराब और मिलावटी थे।
कामता चौराहा पर टीम को नीलकंठ स्वीट्स से 255 किलो कालातीत मिठाई सड़ी मिली। अधिकांश मिठाइयों पर मैन्युफैक्चरिंग या एक्सपायरी डेट दर्ज नहीं थी। इंदिरा नगर स्थित कंचन स्वीट्स से 30 किलो सड़ी मिठाई जब्त की गई। इसकी बाजार कीमत ₹24,000 है। फ्रिज और स्टोरेज में गंदगी, दीवारों पर फफूंदी थी।

लाइसेंस नहीं मिलने पर महालक्ष्मी स्वीट्स सील
महालक्ष्मी स्वीट्स बिना फूड लाइसेंस के संचालित हो रही थी। टीम ने प्रतिष्ठान को फौरन बंद कराते हुए विधिक कार्रवाई शुरू की। गोमती नगर के विशाल खंड स्थित सियाराम स्वीट्स में स्थिति सबसे भयावह पाई गई। कंटेनर में सड़ी गंध, फर्श पर फैली चाशनी, खुले में रखीं मिठाइयां और गंदे उपकरण देख टीम ने उसी समय दुकान को सील कर दिया।

राधेलाल क्लासिक-मधुरिमा की रसोई भी गंदगी
राधेलाल क्लासिक और मधुरिमा स्वीट्स शहर की दो प्रतिष्ठित दुकानें भी जांच के दायरे में आईं। दोनों जगहों पर किचन में तेल फैला था, दीवारें गीली थीं और रसोई के सामान गंदे मिले। दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 8 नमूने लिए गए। राधेलाल क्लासिक के मामले में खाद्य कारोबार संचालन पर अस्थायी रोक लगाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। मधुरिमा स्वीट्स में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई।
आयुक्त ने कहा- सभी मिठाई की दुकानों को नोटिस जारी किया गया है। सुधार न करने की दशा में इन प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार लाइसेंस निलंबन या रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।



———————–

