दिल्ली में फ्लैट से 262 करोड़ का 328 किलो ड्रग्स जब्त !
दिल्ली में NCB की बड़ी कार्रवाई, अमरोहा का युवक हिरासत में, निशानदेही पर 328 किलोग्राम मेथामफेटामाइन बरामद
दिल्ली में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 328.54 किलो मेथामफेटामाइन बरामद किया है. कार्रवाई में अमरोहा के एक शख्स को भी गिरफ्तार किया गया, जो विदेशी ऑपरेटरों के निर्देश पर फर्जी सिम और सीक्रेट ऐप्स के जरिए काम कर रहा था.
दिल्ली पुलिस ने एक फ्लैट पर छापा मारकर 262 करोड़ रुपये का 328 किलो ड्रग्स जब्त किया। गृहमंत्री ने इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल का भंडाफोड़ करने के लिए पुलिस की सराहना की। यह दिल्ली में अब तक की सबसे बड़ी ड्रग्स बरामदगी में से एक है, और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

नई दिल्ली में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने एक बड़े ड्रग तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है. कार्रवाई में NCB ने एक आरोपी को भी हिरासत में लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेन वारिश के नाम से हुई है. उसकी उम्र 25 साल बताई जा रही है. मामले में गिरफ्तार गिरोह के सदस्य की निशानदेही पर 328.54 किलो मेथामफेटामाइन नाम का ड्रग बरामद किया है.
गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के मंगरौली गांव का रहने वाला है. वह सेक्टर-5, हरौला में किराए पर रहता था और एक प्राइवेट कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद पर काम कर रहा था. मामले में पुलिस ने उसे सस्पेक्ट के तौर पर 20 नवंबर को गिरफ्तार किया और पूछताछ की तो मामला सामने आया.
पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि वो विदेशी ऑपरेटरों के निर्देश पर काम कर रहा था. उसे अपने बॉस से सीक्रेट इंस्ट्रक्शन मिलते थे और ऑपरेशन को छुपाने के लिए नकली सिम कार्ड, WhatsApp और Zangi जैसे कम्युनिकेशन ऐप इस्तेमाल करने को कहा गया था.
पूछताछ में क्या?
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने नेटवर्क के कई सदस्यों की जानकारी भी साझा की, जिनमें एस्तेर किनिमी नाम की एक महिला का नाम भी शामिल है. शेन के मुताबिक, एस्तेर ने पोर्टर राइडर के जरिए आए नारकोटिक कंसाइनमेंट में से एक पैकेट रिसीव किया था. उसने उसके संपर्क विवरण और एड्रेस की जानकारी भी NCB को दी है.
छापे में 328 किलोग्राम ड्रग बरामद
मामले में शेन से मिले इनपुट्स के आधार पर NCB ने 20 नवंबर 2025 को दिल्ली के छतरपुर में C-216B जैन हाउस, गली नंबर 13, छतरपुर एन्क्लेव फेज-2 स्थित एक फ्लैट पर छापा मारा. यहां से 328.54 किलो मेथामफेटामाइन की भारी खेप बरामद की. जांच से यह साफ हुआ है कि शेन वारिस एक अंतरराष्ट्रीय सिंथेटिक ड्रग तस्करी सिंडिकेट का हिस्सा था और विदेश में बैठे ऑपरेटरों के लिए जमीन पर काम कर रहा था.
NCB का कहना है कि मामले में पूछताछ जारी है और एजेंसी सप्लायर्स, सहयोगियों, फंडिंग चैनल, स्टोरेज लोकेशन और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है.

