मध्य प्रदेश

ग्वालियर में ज्वेलरी शॉप में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई !

ग्वालियर में ज्वेलरी शॉप में ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई..
10 मिनट में 25 फायर; घटना के विरोध में सराफा कारोबारियों ने बाजार बंद किया\
नकाबपोशों ने पहले हवा में लहराए देशी कट्टे, फिर दाग दीं गोलियां; विरोध में बाजार बंद
बाइक सवार नकाबपोशों ने मुरार इलाके के सदर बाजार में सर्राफा कारोबारी को निशान बनाते हुए दुकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और विरोध जताया। 

ग्वालियर के उपनगर मुरार के सदर बाजार में सोमवार दोपहर नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने सराफा कारोबारी महावीर जैन की दुकान को टारगेट कर ताबड़तोड़ फायरिंग की। चार से पांच बदमाश दो बाइक पर आए और 10 मिनट में 20–25 राउंड फायर किए।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में करीब 15 गोलियां चलने की पुष्टि हुई है। चार गोलियां दुकान में और तीन से चार गोलियां आसपास की दुकानों में लगीं। आगरा के कैटरर गुड्डू जैन को गोली लगी है।

काउंटर के नीचे छिपकर बचाई युवक ने जान

बदमाश बाजार में आते ही पिस्टल और कट्टे लहराते हुए पहले बाहर से फायरिंग करते रहे। इसके बाद एक बदमाश ज्वेलरी शॉप के अंदर घुसा और दो–तीन गोलियां चलाईं।

महावीर जैन का बेटा आकाश जैन काउंटर के नीचे छिपकर बच गया। बदमाश पास की दुकान में भी घुसे और गोलियां चलाईं। इसके बाद बाहर आते ही फिर ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए बारादरी चौराहा की तरफ भाग गए।

गार्ड ने किया जवाबी फायर तो भागे

ताबड़तोड़ फायरिंग के दौरान कारोबारी के गार्ड केदार शर्मा ने लाइसेंसी राइफल से दो-तीन जवाबी फायर किए। गोलियां सामने वाली दुकान पर लगीं, जिसके बाद बदमाश मौके से भाग निकले।

सीसीटीवी में हमलावर हुए कैद

फायरिंग का वीडियो सामने आया है, जिसमें एक बदमाश दुकान के अंदर जाकर गोली चलाता दिख रहा है। एक व्यक्ति कुर्सी लगाकर खुद को बचाने की कोशिश करता नजर आ रहा है। फुटेज से पुलिस को पता चला है कि हमलावर 5–6 थे और दो बाइक पर आए थे।

फायरिंग के बाद पूरा बाजार बंद

फायरिंग के बाद पूरा बाजार बंद हो गया। व्यापारी दहशत और विरोध में दुकानें बंद कर सड़कों पर उतर आए। एसएसपी धर्मवीर सिंह और एएसपी अनु बेनीवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को समझाने की कोशिश की।

सुबह हुए शॉर्ट एनकाउंटर से जुड़ रहा मामला

बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह पुलिस ने बदमाश कपिल यादव को शॉर्ट एनकाउंटर में पकड़ा था। इसके बाद कपिल के पिता राजेश, भाई अरविंद और रिश्तेदारों ने व्यापारी महावीर जैन पर आरोप लगाया था कि एनकाउंटर उनके इशारे पर कराया गया। आकाश जैन ने पुलिस को बताया कि फायरिंग करने वालों में कपिल यादव का भाई अरविंद, पिता राजेश और उनके साथी शामिल हैं।

पुलिस ने शहर में की नाकाबंदी

पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आने–जाने का रूट तैयार कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *