अब ग्राम विकास अधिकारी और सचिवों को अपनी पंचायतों में लगानी होगी ऑनलाइन हाजिरी
अब ग्राम विकास अधिकारी और सचिवों को अपनी पंचायतों में लगानी होगी ऑनलाइन हाजिरी
UP News: उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में ग्राम पंचायत सचिवों को अब अनिवार्य रूप से ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करनी होगी। इस नए नियम के विरोध में सचिव 1 से 4 दिसंबर तक काली पट्टी बांधकर कार्य करते हुए विरोध प्रदर्शन करेंगे।म विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी और सचिवों को ग्राम पंचायतों में लगानी होगी ऑनलाइन हाजिरी।
- इस निर्णय को लेकर गहरा असंतोष, कार्य बहिष्कार की चेतावनी।
- 1 से 4 दिसंबर तक सचिव काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे।
- 5 दिसंबर को सभी विकास खंडों में विरोध प्रदर्शन करेंगे।
… उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में ग्राम पंचायत सचिवों को अब अनिवार्य रूप से ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करनी होगी। इस नए नियम के विरोध में सचिव 1 से 4 दिसंबर तक काली पट्टी बांधकर कार्य करते हुए विरोध प्रदर्शन करेंगे। सचिवों में इस निर्णय को लेकर गहरा असंतोष है, और वे इसे लागू न करने की मांग पर अड़े हैं।
न केवल सचिव, बल्कि ग्राम विकास अधिकारी (VDO) और ग्राम पंचायत अधिकारी (GPO) को भी अपनी-अपनी पंचायतों में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इसी को लेकर विरोध की स्थिति और तेज हो गई है। ग्राम विकास अधिकारियों ने इस निर्णय के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और कार्य के बहिष्कार की चेतावनी भी दी है।
काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे
ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष राकेश तिवारी ने बताया कि 1 से 4 दिसंबर तक सचिव काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे। 5 दिसंबर को सभी विकास खंडों में विरोध प्रदर्शन करेंगे और दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारियों को सौंपेंगे।
गेटवे भुगतान प्रणाली के खिलाफ भी विरोध प्रदर्शन
उन्होंने बताया कि प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह और प्रांतीय महामंत्री नागेंद्र प्रताप कुशवाहा द्वारा जारी संयुक्त निर्देशों के अनुसार 10 दिसंबर को साइकिल भत्ता बढ़ाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय भ्रमण बंद रखते हुए सचिव विरोध जारी रखेंगे।
15 दिसंबर को ई-ग्राम स्वराज की जटिल गेटवे भुगतान प्रणाली के खिलाफ भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष का कहना है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो सचिव बड़े आंदोलन, कार्य बहिष्कार और अनवरत धरना देने के लिए बाध्य होंगे।
उपस्थिति प्लेटफॉर्म सक्रिय कर दिया गया है
ऑनलाइन हाजिरी प्रणाली को लागू करने के लिए यूपी पीआरडी पोर्टल पर पहले से उपलब्ध फेसियल रिकग्निशन बेस्ड अटेंडेंस सिस्टम (FRS) के माध्यम से जियो-फेंस्ड AI-ML आधारित उपस्थिति प्लेटफॉर्म सक्रिय कर दिया गया है। जिले में कुल 809 ग्राम पंचायतें शामिल हैं।

