सतना में ज्वेलर्स पर GST का छापा..कान्हा ज्वेलर्स के शोरूम फिर सील !

सतना में स्टेट जीएसटी की एंटी-इवेजन ब्यूरो (AEB) ने तीन ज्वेलरी शोरूम पर तीन दिनों तक जांच की। इस दौरान आनंद आदित्य ज्वेलर्स ने टैक्स और जुर्माने (अर्थदंड) सहित 40 लाख रुपए जमा कर दिए हैं। वहीं, कान्हा ज्वेलर्स और न्यू कान्हा ज्वेलर्स में जांच पूरी होने के बाद भी रविवार को बैंक बंद होने के कारण टैक्स जमा नहीं हो सका। इस वजह से इन दोनों शोरूम को दोबारा सीज कर दिया गया है।
कान्हा ज्वेलर्स और न्यू कान्हा ज्वेलर्स शोरूम में कार्रवाई पूरी हो गई है, लेकिन रविवार को बैंक छुट्टी के चलते टैक्स की राशि जमा नहीं हो पाई। अधिकारियों ने शोरूम को दोबारा सील कर दिया है। अब सोमवार को टैक्स और अर्थदंड की राशि जमा कराई जाएगी।
24 अफसरों की टीम ने शुक्रवार शाम मारा था छापा
स्टेट जीएसटी AEB की टीम ने शुक्रवार शाम को हनुमान चौक और फूलचंद चौक स्थित कान्हा ज्वेलर्स, न्यू कान्हा ज्वेलर्स और आनंद आदित्य ज्वेलर्स के शोरूम और कारखानों पर एक साथ दबिश दी थी। इस बड़ी कार्रवाई में 24 से अधिक अधिकारी शामिल थे।
बिना दस्तावेज मिला एक्स्ट्रा स्टॉक
जांच के दौरान टीम को ज्वेलरी की खरीद-बिक्री से जुड़े कई दस्तावेज मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। आनंद आदित्य ज्वेलर्स में जांच के दौरान अतिरिक्त स्टॉक पाया गया, जिसके दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। यह भी सामने आया कि यह शोरूम सालाना 8 से 9 करोड़ रुपए की बिक्री का रिटर्न भरकर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) क्लेम कर टैक्स का सेटलमेंट कर लेता था।
ग्राहक बनकर पहुंचे थे अफसर, कच्चा बिल देख खुली पोल
कार्रवाई शुरू करने से पहले स्टेट जीएसटी के अधिकारी ग्राहक बनकर तीनों शोरूम में गए थे। उन्होंने ज्वेलरी खरीदने की बात की, तो शोरूम वालों ने 3% जीएसटी बचाने का हवाला देकर पक्का बिल देने के बजाय साधारण कागज पर कच्चा बिल थमा दिया। इसी पुष्टि के बाद टीम ने आधिकारिक जांच शुरू की।

