भिंड में शादी में युवक की गोली मारकर हत्या ..मंत्री राकेश शुक्ला के समधी समेत तीन पर FIR,!

भिंड जिले के गोहद चौराहा क्षेत्र में रविवार रात डांग गांव के पास शादी समारोह में हुए विवाद के बाद गौरव गुर्जर (26) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से नाराज ग्रामीणों और गुर्जर समाज ने सोमवार दोपहर हाईवे पर जाम लगा दिया, जो करीब ढाई घंटे तक चला।
पुलिस ने मंत्री राकेश शुक्ला के समधी जेपी कांकर समेत तीन आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। एक आरोपी पुलिस हिरासत में है।
ये है पूरा मामला
जिले के गोहद चौराहा क्षेत्र के डांग गांव में आयोजित शादी समारोह के दौरान रविवार रात 10 से 11 बजे के बीच विवाद हो गया। बताया जाता है कि मुरलीपुरा निवासी जेपी कांकर अपने दो साथियों-सुनील कांकर और दीपू बौहरे के साथ शराब के नशे में वहां पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर गौरव गुर्जर से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर तीनों आरोपियों ने फायरिंग कर दी, जिसमें गोली गौरव को लग गई।
हाईवे पर शव रखकर किया प्रदर्शन
गंभीर रूप से घायल गौरव को ग्वालियर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सोमवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव गोहद लाया गया। इसके बाद ग्रामीणों और गुर्जर समाज के लोगों ने हाईवे-719 पर शव रखकर जाम लगा दिया।
जाम दोपहर 2 बजे से शाम करीब 4:30 बजे तक चला। इससे हाईवे पर करीब दो किलोमीटर लंबा वाहन कतार लग गई। एंबुलेंस से लेकर स्कूली बच्चे तक जाम में फंसे रहे।

एडिशनल एसपी संजीव पाठक मौके पर पहुंचे और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया।
तीन पर FIR, एक आरोपी हिरासत में
हत्या के बाद बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस ने मंत्री राकेश शुक्ला के समधी जेपी कांकर, कांग्रेस नेता सुनील कांकर और दीपू बौहरे पर हत्या समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। इनमें से मुख्य आरोपी जेपी कांकर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जाम खुलने के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी।
आरोपी के घर जेसीबी लेकर पहुंची नपा टीम
सोमवार शाम आरोपी दीपू बौहरे के घर पर बड़ी पुलिस फोर्स के साथ नगर पालिका की मदाखलत टीम और जेसीबी भी पहुंची, लेकिन घर बंद मिला। लोगों में चर्चा रही कि प्रशासन घर गिराने की कार्रवाई करने पहुंचा था, मगर किसी कारणवश टीम लौट गई।
भिंड एसपी असित यादव ने कहा कि गौरव गुर्जर हत्याकांड में तीन लोगों को आरोपी बनाया गया है। मामले की जांच जारी है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

