मध्य प्रदेश

ग्वालियर में पुलिस पर भारी ‘बच्चा चोर गैंग !

ग्वालियर में पुलिस पर भारी ‘बच्चा चोर गैंग’:शादियों से 30 लाख के गहने, फलदान में आए 11 लाख रुपए कर चुके हैं चोरी
  • अभिनंदन वाटिका से फलदान के 11 लाख रुपए कैश चोरी कर ले जाता बालक हरे घेरे में। - Dainik Bhaskar
अभिनंदन वाटिका से फलदान के 11 लाख रुपए कैश चोरी कर ले जाता बालक हरे घेरे में।

ग्वालियर में सहालग (शादियों का सीजन) आते ही पुलिस के लिए “बच्चा चोर गैंग’ सिरदर्द बन गई है। छह दिन में दो शादियों से 41 लाख रुपए के गहने, कैश चोरी कर चुके हैं। दोनों वारदात में “बच्चा गैंग’ के साथ कुछ वयस्क भी नजर आए हैं, लेकिन इनकी भूमिका सिर्फ निगरानी की रहती है। वारदात “बच्चा गैंग’ ही करती है, जिससे पकड़े भी जाएं तो कोई एक्शन न हो पाए। इन बच्चों की ट्रेनिंग इतनी टफ होती है कि यह बेहद शातिराना ढंग से वारदात कर निकल जाते हैं। यही कारण है कि यह “बच्चा गैंग’ पुलिस पर भारी पड़ती नजर आ रही है। पुलिस के पास घटना के CCTV फुटेज हैं, लेकिन पुलिस “बच्चा गैंग’ का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। सीधे शब्दों में कहें तो पुलिस अभी इन मामलों में खाली हाथ है।

CCTV फुटेज मिले, पुलिस आगे नहीं बढ़ सकी

शहर में छह दिन के अंदर दो वारदात हुई हैं। पहली वारदात 22 नवंबर को राज किशोरी गार्डन में हुई थी, जहां से भाजपा नेता की भतीजी व स्कूल संचालक महिला से 30 लाख के गहने चोरी हुए थे, तो दूसरी वारदात 5 दिन बाद 27 नवंबर को अभिनंदन वाटिका में रिटायर्ड बीएसएफ ऑफिसर के बेटे के फलदान में आए 11 लाख रुपए चोरी हुए थे। दोनों वारदात में पुलिस के पास CCTV कैमरे के फुटेज हैं, लेकिन पुलिस की जांच CCTV फुटेज तक सिमटकर रह गई है। उसके आगे कुछ पता नहीं चला कि बच्चे कहां से आए और कहां को चले गए।

बच्चा गैंग से चोरी कराने वाला वयस्क संदेही।
बच्चा गैंग से चोरी कराने वाला वयस्क संदेही।

27 नवंबर अभिनंदन वाटिका: “बच्चा गैंग’ ने चोरी किए लाख रुपए

महाराजपुरा थाना स्थित पिंटो पार्क सैनिक कॉलोनी में रहने वाले भुवनेश सिंह तोमर बीएसएफ से रिटायर्ड अधिकारी हैं। 28 नवंबर को उनके बेटे का लगुन-फलदान का कार्यक्रम अभिनंदन वाटिका में था। फलदान में मिले 11 लाख रुपए भुवनेश सिंह तोमर ने अपने पिता गजेन्द्र सिंह तोमर को रखने के लिए दे दिए थे। उन्होंने रुपए एक बैग में रखे और उसे एक कमरे में रख दिया और ताला लगाकर बाहर आ गए। कमरे की खिड़की से एक 9 से 10 साल का बालक अंदर गया और बैग जिसमें रुपए रखे थे उसे लेकर भाग निकला। कुछ देर बाद गजेन्द्र सिंह कमरे का ताला खोलकर अंदर पहुंचे और बैग देखा तो वह गायब था। इस मामले में CCTV फुटेज मिलने के बाद भी पुलिस कुछ नहीं कर सकी है।

राज किशोरी वैंकेट से 30 लाख के गहने हुए चोरी

शहर में 22 नवंबर को गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के पिंटो पार्क स्थित राज किशोरी गार्डन में भाजपा नेता रामेश्वर भदौरिया की भतीजी व स्कूल संचालक जागृति भदौरिया के पर्स से 30 लाख रुपए गहने (25 तौला सोना) चोरी हो गए थे। चोरी करने वाली गैंग का भी गोला का मंदिर पुलिस कुछ सुराग नहीं लगा सकी है। एक किशोर व नाबालिग युवती उनके बैग से गहनों से भरा डिब्बा चोरी करके निकल भाग थे। जिसका स्पष्ट CCTV फुटेज मिला था।

महिला के पीछे पीले रंग के सूट में दिखनी नाबालिग लड़की संदेही
महिला के पीछे पीले रंग के सूट में दिखनी नाबालिग लड़की संदेही

हर साल 15 से ज्यादा होती हैं चोरियां

ग्वालियर में हर साल शादियों में चोरी की 15 से 17 वारदात होती हैं। जिसमें डेढ़ से दो करोड़ रुपए के गहने-नकदी चोरी होती हैं, लेकिन अभी तक पुलिस इस चोरी करने वाली “बच्चा गैंग’ को नहीं पकड़ पाई है। हर साल यह “बच्चा गैंग’ ग्वालियर में शादियों के मौसम में एक्टिव होती है और वारदात के बाद भूमिगत हो जाती है। आज तक एक भी मामले का खुलासा पुलिस नहीं कर पाई है। सूट-बूट पहनकर होते हैं शामिल वारदात से पहले यह “बच्चा गैंग’ शादियों में सूट बूट पहनकर शामिल होती है। जिससे इन पर कोई संदेह नहीं कर पाए। यह बच्चा गैंग के सदस्य शादी में स्टेज व जहां दुल्हन का रूम होता है वहीं आसपास सक्रिय होते हैं। पहले दुल्हन की मां व खास परिजन को सिलेक्ट कर टारगेट करते हैं। वारदात के बाद बिना देर किए यह मैरिज गार्डन से बाहर निकल जाते हैं।

एएसपी अनु बेनीवाल का कहना है कि-

अभिनंदन वाटिका में से 11 लाख रुपए चोरी होने के मामले में CCTV फुटेज से ही पुलिस आगे बढ़ रही है। कई क्लू मिले हैं जिसके आधार पर हमारी टीम जांच कर रही है। जल्द मामलों का खुलासा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *