ग्वालियर में बिल्डर से मांगा ₹50 लाख का टेरर टैक्स..प्रॉपर्टी की झूठी शिकायत कर मानसिक प्रताड़ना दे रहा !
बिल्डर इन दिनों एक टाउनशिप तैयार करा रहा है। उसके संबंध में राजस्व विभाग में झूठी शिकायत की गई थी, जिसका निस्तारण कोर्ट से हो चुका है। बिल्डर ने बताया कि जब उसने बातचीत के लिए आरोपी को ऑफिस बुलाया तो वहां भी उसने गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इस कारण उसकी जान को खतरा बना हुआ है।
शहर के थाटीपुर स्थित गायत्री विहार निवासी केदारनाथ अग्रवाल उर्फ पप्पू अग्रवाल, पिता नारायणदास अग्रवाल, पेशे से बिल्डर हैं और कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं। वर्तमान में वे सिरोल में ‘साईं धाम कॉलोनी’ नाम से एक टाउनशिप का निर्माण करा रहे हैं।
पिछले कई महीनों से आशीष राय, निवासी राय कॉलोनी घासमंडी, उनसे 50 लाख रुपए टेरर टैक्स की मांग कर रहा है। आरोप है कि मांग पूरी न करने पर वह लगातार झूठी शिकायतें कर रहा है। जिस जमीन को वह शासकीय बताकर शिकायत कर रहा है, उसे राजस्व विभाग निजी भूमि घोषित कर चुका है। लगातार झूठी शिकायतों से बिल्डर परेशान हो चुका है।
ऑफिस में दी धमकी
बिल्डर ने बताया कि 3 अक्टूबर को आशीष राय उसके ऑफिस आया था। बातचीत के लिए बिल्डर ने ही उसे बुलाया था, लेकिन ऑफिस पहुंचकर उसने 50 लाख रुपए की मांग दोहराई और जान से मारने की धमकी दी।
बिल्डर का कहना है कि वह बुजुर्ग हैं और अकेले आते-जाते हैं, ऐसे में लगातार मिल रही धमकियों से उन्हें आशंका है कि आरोपी कोई गंभीर घटना कर सकता है। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी सिरोल गोविंद बागौली ने बताया कि शिकायतकर्ता बिल्डर हैं। उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। वह लगातार बिल्डर से 50 लाख रुपए का टेरर टैक्स मांग रहा है।


