ग्वालियर में सिख समाज ने की शिकायत:गुरुद्वारे के पंचों के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट

ग्वालियर में सोमवार को सिख समाज के दो दर्जन से अधिक लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने शिकायत की कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गुरुद्वारे की संगत के पंचों के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट की है। समाज का आरोप है कि इससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और उन्होंने दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
यह मामला ग्वालियर के नूरगंज स्थित गुरुद्वारे से जुड़ा है। सिख समाज के लोगों ने बताया कि गुरु नानक जयंती पर गुरुद्वारे में एक बधाई बैनर लगाया गया था, जिसमें संगत के पांच पंचों की तस्वीरें थीं। आरोप है कि किसी व्यक्ति ने इस बैनर की तस्वीर को एडिट कर बधाई संदेश हटा दिए और सोशल मीडिया पर यह लिखकर साझा कर दिया कि बैनर में दिख रहे पांचों लोग गुरुद्वारे में चोरी करते पकड़े गए हैं।
नूरगंज गुरुद्वारे के उपप्रधान जोरावर सिंह ने बताया कि यह आपत्तिजनक पोस्ट न केवल देशभर में, बल्कि विदेशों तक भी फैल चुकी है। उन्होंने कहा कि हाल ही में राजस्थान के विभिन्न गुरुद्वारों से व्हाट्सएप के माध्यम से उन्हें इस पोस्ट की जानकारी मिली। यह तस्वीर उन लोगों तक भी पहुंची है, जो गुरुद्वारे के निर्माण कार्य के लिए विदेश से आर्थिक सहायता प्रदान कर रहे हैं, जिससे समाज की छवि को गंभीर नुकसान हुआ है।
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जय राज कुबेर ने सिख समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने उनका शिकायती आवेदन लिया और आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

