मध्य प्रदेश

NH-719 पर कंटेनर ने बाइक को मारी टक्कर….मां-बेटे की मौत !!!

NH-719 पर कंटेनर ने बाइक को मारी टक्कर:मां-बेटे की मौत, खांसी के इलाज के लिए भिंड आए थे

भिंड बाईपास पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई। तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मिहोना थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी छोटू उर्फ कल्याण कुशवाहा (22) पुत्र रघुनाथ कुशवाहा पिछले कुछ दिनों से खांसी से पीड़ित था। रविवार सुबह वह इलाज के लिए भिंड आने निकला।

मां ममता देवी (45) चाहती थीं कि बेटा बस से जाए, लेकिन बेटे की जिद पर वह भी बाइक पर साथ आ गईं ताकि वह सुरक्षित तरीके से वाहन चला सके।दोनों लहर चुंगी से होते हुए बाईपास मार्ग से शहर की ओर आ रहे थे।

शाम करीब 4 बजे बाल न्यायालय के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छोटू उछलकर सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं कंटेनर ममता देवी को रौंदते हुए निकल गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने भी अंतिम सांस ली। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मृतक छोटू के बुआ के बेटे सुनील कुशवाहा ने बताया कि छोटू अकेले ही भिंड आना चाहता था, लेकिन उसकी मां सुरक्षा को लेकर साथ आई थीं। दोनों का प्लान था कि शाम को रानीपुर स्थित घर पर रुकेंगे और अगले दिन वापस लौटेंगे, लेकिन इलाज से पहले ही वे सड़क हादसे का शिकार हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *