बीजेपी सांसद बोले- बानमौर की नायब तहसीलदार ढीठ है !!!
श्योपुर-मुरैना सीट से भाजपा सांसद शिवमंगल सिंह तोमर ने महिला नायब तहसीलदार वंदना यादव को ढीठ कह डाला। उन्होंने कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ को फोन लगाकर लेडी ऑफिसर की शिकायत की। कहा कि उसका कुछ नहीं कर सकते। शनिवार की इस घटना का वीडियो सोमवार को सामने आया है।
वीडियो में सांसद कहते दिखाई दे रहे हैं- कल भी नहीं आई वो, कल ये मिलने गए तो नहीं मिली। अभी तक नहीं आई वो, मैं मुरैना से चलकर आ गया। तहसील तो छोटी जगह है, तहसील में ही बैठती है। ढीठ है वो। मेरे सर्किल में रही है, मैं जानता हूं उसे। अब लेडीज है तो कुछ कह नहीं सकते। बहुत ढीठ हो वो। बहुत ढीठ महिला है।
मामला बानमौर कस्बे का है, जो नेशनल हाईवे 44 किनारे बसा है। इलाके में सड़क पार करते समय लगातार हो रहे हादसों के चलते स्थानीय लोग लंबे समय से यहां ओवरब्रिज बनाने की मांग कर रहे हैं। गुरुवार से वे हड़ताल पर बैठ गए थे। इसी हड़ताल को समाप्त कराने के लिए शनिवार को सांसद शिवमंगल सिंह तोमर मौके पर पहुंचे थे।

मंच से ही लगाया कलेक्टर को फोन
हड़ताल स्थल पर सांसद तोमर ने बानमौर की नायब तहसीलदार वंदना यादव को भी बुलवाया था, लेकिन वे नहीं पहुंची। इस पर सांसद ने मंच से ही कलेक्टर जांगिड़ को फोन लगा दिया और नायब तहसीलदार की शिकायत की।
इसके बाद मांगों पर विचार का आश्वासन देकर स्थानीय नागरिकों की हड़ताल खत्म कराई।


