उत्तर प्रदेशक्राइमबड़ी ख़बर

राजा भैया की पत्नी के घर जानलेवा हमला !!!!

राजा भैया की पत्नी के घर जानलेवा हमला
गेट और कार में लगाई आग, बड़ी बेटी ने जारी किया CCTV

प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह के घर पर हमला हुआ है। राजा भैया की बड़ी बेटी राघवी कुमारी ने सोशल मीडिया X पर एक वीडियो और पोस्ट शेयर कर यह दावा किया।

राघवी ने दिल्ली के ग्रीन पार्क स्थित अपने घर पर हुए जानलेवा हमले का आरोप लगाया। कहा- मुझे, मां भानवी सिंह और बहन को जान का खतरा है। उन्होंने दिल्ली पुलिस और संबंधित अधिकारियों से तुरंत सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।

राघवी ने आगजनी करने वाले आरोपी का सीसीटीवी फुटेज जारी किया।
राघवी ने आगजनी करने वाले आरोपी का सीसीटीवी फुटेज जारी किया।

राघवी बोली- मेरा परिवार सुरक्षित नहीं

राघवी कुमारी ने अपनी पोस्ट में लिखा- पिछले कई महीनों से, बल्कि कई सालों से मैं, मेरी मां और बहन खतरे में हैं। हमने हमेशा कानून का रास्ता अपनाया, पुलिस से मदद मांगी। शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिले। हाल ही में सफदरजंग थाने में FIR दर्ज करने के लिए लिखित शिकायत दी थी।

राघवी ने ये सीसीटीवी जारी किया

सीसीटीवी में हमलावर कैद

चौंकाने वाली बात यह है कि राघवी की मां भानवी सिंह की MP-MLA कोर्ट (राउज एवेन्यू) में सुनवाई से ठीक एक रात पहले यह हमला किया। उनके घर के मुख्य गेट और स्विफ्ट कार को आग के हवाले कर दिया गया। CCTV फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति को हथियार जैसा कुछ पकड़े गेट पार करने की कोशिश करते, दीवार फांदते, फिर कार और गेट में आग लगाते हुए देखा जा सकता है।

राघवी का आरोप है कि घर के गेट को भी आग लगाई गई।
राघवी का आरोप है कि घर के गेट को भी आग लगाई गई।

राघवी ने लिखा- डर और दहशत हद पार कर चुकी

राघवी ने लिखा- हम तीन अकेली महिलाएं हैं। इस तरह के हमले नजरअंदाज नहीं किए जा सकते। सालों का यह डर और दहशत अब हद पार कर चुकी है। उम्मीद सिर्फ इतनी है कि न्याय मिले और हमें मूलभूत सुरक्षा मिले। हमारी सुरक्षा कोई सौदा नहीं, यह हमारा अधिकार है।

एक कार में आग लगने के बाग दूसरी कार भी उसकी चपेट में आ गई।
एक कार में आग लगने के बाग दूसरी कार भी उसकी चपेट में आ गई।

मां के समर्थन में पहले भी उठा चुकी हैं आवाज

यह घटना राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद के बीच सामने आई है। इसमें पहले भी कई गंभीर आरोप-प्रत्यारोप लग चुके हैं। राघवी ने पहले भी सोशल मीडिया पर अपनी मां के समर्थन में आवाज उठाई थी।

अब जानिए राजा भैया और भानवी सिंह के बीच का विवाद?

भानवी सिंह और उनके पति राजा भैया के बीच तलाक का केस चल रहा है। भानवी ने नवंबर, 2022 में दिल्ली की साकेत कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दायर की थी। उन्होंने क्रूरता के आधार पर तलाक मांगा था। साल- 2025 में भी उनके मामले ने तूल पकड़ा। भानवी सिंह ने 3 जून, 2025 को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में जाकर अपने पति रघुराज प्रताप सिंह के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी।

भानवी सिंह का कहना है कि बेटे राजा भैया से डरते हैं। उनकी दहशत के चलते ही कुछ भी पोस्ट कर रहे हैं।
भानवी सिंह का कहना है कि बेटे राजा भैया से डरते हैं। उनकी दहशत के चलते ही कुछ भी पोस्ट कर रहे हैं।

जानिए कौन हैं भानवी सिंह

बस्ती राजा के छोटे बेटे कुंवर रवि प्रताप सिंह की तीसरी बेटी हैं। उनका जन्म 10 जुलाई 1974 को हुआ था। उनकी शुरुआती पढ़ाई बस्ती में ही हुई लेकिन बाद में वह लखनऊ चली गई थीं। 17 फरवरी 1995 को उनकी शादी बेंती राजघराने के रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) से हुई। शादी के समय राजा भैया करीब 28 वर्ष के थे और भानवी सिंह की उम्र 20 वर्ष थी।

उनकी शादी में तत्कालीन सीएम मुलायम सिंह यादव समधी के तौर पर गए थे। शादी का एक वाकया काफी चर्चित है। भानवी सिंह की मां मंजुल सिंह ने रस्म के तौर पर मुलायम सिंह पर लाल रंग फेंक दिया था। इससे सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया। बाद में मुलायम सिंह ने समझाया कि ये रस्म अदायगी है, जो समधी के साथ की जाती है।

जानिए कौन हैं राजा भैया

रघुराज प्रताप सिंह के पिता उदय प्रताप सिंह भदरी रियासत के राजा हैं। उनकी मां का नाम मंजुल राजे है। उनके दादा बजरंग बहादुर सिंह हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल रह चुके हैं। राजा भैया को घुड़सवारी और शूटिंग का शौक रहा है। राजा भैया 1993 से कुंडा से लगातार विधायक चुने जा रहे हैं। वर्तमान में वह जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उनकी पार्टी के दो विधायक हैं।

भानवी सिंह अपने दोनों बेटों शिवराज और बृजराज के साथ। (फाइल फोटो)
भानवी सिंह अपने दोनों बेटों शिवराज और बृजराज के साथ। (फाइल फोटो)

भानवी के बेटे और बेटियां क्या कर रही हैं?

राजा भैया और भानवी सिंह की 2 बेटियां राघवी और बृजेश्वरी और जुड़वां बेटे शिवराज और बृजराज हैं। दोनों बेटियां मां भानवी के साथ, तो बेटे पिता राजा भैया के साथ रहते हैं। बृजेश्वरी वकालत कर रही हैं। राघवी अमेरिका में पढ़ाई के लिए कोशिश में लगी हैं।

दोनों बेटे शिवराज और बृजराज मुंबई से पढ़ाई पूरी कर अब पिता के साथ में राजनीति का ककहरा सीख रहे हैं। 2022 विधानसभा चुनाव में पिता के साथ प्रचार में सक्रिय थे। 2025 में दोनों बेटों ने जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) की सदस्यता ग्रहण की है। माना जा रहा है कि देर-सवेर राजा भैया दोनों बेटों को राजनीति में सक्रिय कर देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *