संभल के CO रहे अनुज चौधरी सहित अन्य के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश !!!
संभल के CO रहे अनुज चौधरी सहित अन्य के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश, क्या है पूरा मामला?
UP News: संभल हिंसा के दौरान गोली से किशोर के घायल होने के मामले में पूर्व सीओ अनुज चौधरी, पूर्व कोतवाल अनुज तोमर समेत 15-16 पुलिस कर्मियों के खिलाफ CJM कोर्ट ने FIR दर्ज करने के आदेश किए जारी.
उत्तर प्रदेश के संभल से बड़ी खबर सामने आई है. संभल हिंसा के दौरान गोली से किशोर के घायल होने के मामले में पूर्व सीओ अनुज चौधरी, पूर्व कोतवाल अनुज तोमर समेत 15-16 पुलिस कर्मियों के खिलाफ CJM कोर्ट ने FIR दर्ज करने के आदेश किए जारी. कोर्ट के आदेश पर संभल कोतवाली पुलिस को FIR दर्ज करने मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं. दरअसल, संभल हिंसा के दौरान संभल पुलिस पर आरोप है कि संभल हिंसा के दौरान पुलिस की लगने से आलम नाम का किशोर घायल हुआ था. मामले में आलम के पिता यामीन ने संभल में CO रहे अनुज चौधरी और अन्य पुलिस कर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज कराए जाने के लिए कोर्ट से गुहार लगाई थी. संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान 24 नवंबर 2024 को हिंसा हुई थी.
अब एडिशनल एसपी हैं अनुज चौधरी
संभल जिले के पूर्व सीओ अनुज चौधरी को यूपी सरकार ने प्रमोशन देकर उन्हें एडिशनल एसपी (एएसपी) बना दिया. वह 2012 बैच के पीपीएस अधिकारी हैं और अब वह स्पोर्ट्स कोटे से इस पद तक पहुंचने वाले पहले पुलिस अधिकारी हैं. इससे पहले स्पोर्ट्स कोटे से कोई भी अधिकारी एडिशनल एसपी के पद तक नहीं पहुंचा था.
2012 में स्पोर्ट्स कोटे से पुलिस सेवा में आए चौधरी
अनुज चौधरी ने 2012 में स्पोर्ट्स कोटे से पुलिस सेवा में कदम रखा था. अनुज चौधरी को स्पष्ट बयानों के लिए भी जाना जाता है. इसके अलावा, संभल में हुई हिंसा को लेकर उन्होंने कड़ी कार्रवाई की थी. अनुज चौधरी मूल रूप से मुजफ्फरनगर के बहेड़ी गांव के रहने वाले हैं. पुलिस में आने से पहले वह अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान थे. उन्होंने 1997 से 2014 तक लगातार राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लिया.
2002 और 2010 के नेशनल गेम्स में उन्होंने रजत पदक जीते. 2005 से 2009 तक एशियाई चैंपियनशिप में भी उन्होंने पदक जीते. 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाले अनुज ने 2004 के एथेंस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया.प्रमोशन के बाद अनुज चौधरी को उनकी वर्दी पर एसपी केके बिश्नोई और एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने अशोक स्तंभ लगाकर सम्मानित किया.

