सपा के गढ़ में AIMIM लगाएगी ताकत! अखिलेश यादव की मुश्किलें बढ़ाने असदुद्दीन ओवैसी
सपा के गढ़ में AIMIM लगाएगी ताकत! अखिलेश यादव की मुश्किलें बढ़ाने असदुद्दीन ओवैसी
UP News: असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने उत्तर प्रदेश के पंचायत चुनाव के पहले आजमगढ़ में अपना पार्टी कार्यालय खोल दिया है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया.आजमगढ़ में AIMIM कार्यालय का उद्घाटन
इस अवसर पर बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में हम पांच सीट जीते और और दो सीटों पर हम बहुत ही कम अंतर से हारे, इसके बाद महाराष्ट्र के निकाय चुनाव में हमारे 125 पार्षद जीते और 82 नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्ष जीते हैं.
‘असदुद्दीन ओवैसी के प्रति बढ़ा विश्वास’
उन्होंने कहा की पिछले 2 सालों से हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के प्रति आवाम का विश्वास बढ़ा है उसको देखते हुए 2027 के उत्तर प्रदेश के विधानसभा में चुनाव में हम अपना विधायक बनाने में जरूर कामयाब रहेंगे. उत्तर प्रदेश में गठबंधन के सवाल पर शौकत अली ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में भी हम इंडिया गठबंधन का हिस्सा बनना चाहते थे लेकिन हमें नहीं बनाया गया.
‘सपा, बसपा से गठबंधन की करेंगे कोशिश’
शौकत अली ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी हमारी कोशिश गठबंधन की होगी लेकिन मुस्लिम लीडरशिप की पार्टी को सेकुलर पार्टियां अछूत समझती हैं. इसलिए हमसे कोई गठबंधन नहीं करता है, हमारा वोट तो चाहिए लेकिन हमारी लीडरशिप नहीं होनी चाहिए. हमें तेज पत्ते की तरह इस्तेमाल किया जाता है. हमारा वोट लेकर चुनाव के बाद फेंक दिया जाता है. उत्तर प्रदेश में हमारी कोशिश होगी कि भाजपा को हराने के लिए जो मजबूत गठबंधन बनेगा, हम भी उसका हिस्सा बने. 2022 में भी हमने कोशिश की थी और 2027 में भी हम सपा, बसपा से गठबंधन की कोशिश करेंगे.
AIMIM को बीजेपी टीम बताने पर जताया ऐतराज
AIMIM को बीजेपी की टीम बताए जाने पर प्रदेश अध्यक्ष ने कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि हमारे ऊपर वह पत्थर मार रहे हैं जिनके खुद के घर शीशे के हैं. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का आधा परिवार भाजपा में है. महाराष्ट्र के निकाय चुनाव को लेकर शौकत अली ने समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा, “उनके 37 सांसद और 111 विधायक और तीन बार के विधायक अबू आसिम पूरी ताकत झोंकने के बाद भी अबू आसिम अपनी विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी को जीत नहीं दिला सके.
उन्होंने कहा कि अबू आसिम वही नेता है जो अपने गांव की कभी प्रधानी नहीं जीत सकते, इसी वजह से ऐसे नेता को आजमगढ़ की जनता ने अकबर अहमद डंपी के चुनाव के दौरान उनके गृह क्षेत्र में उनके ऊपर अंडे और टमाटर फेंक कर नकारा था. लोकतंत्र में जनता जनार्दन ही बादशाह होती है.
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव AIMIM बहुत मजबूती के साथ लड़ेगी. आज दलित वंचित समाज बहुत तेजी से ओवैसी साहब के साथ आ रहा है. 2027 के विधानसभा चुनाव में हमारी कोशिश एक बार फिर सपा या बसपा से गठबंधन की होगी अगर गठबंधन नहीं हो सका तो हम अकेले चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में हमारा संगठन है. लगभग 75% संगठन बूथ स्तर पर बन चुका है 25% जो कमियां रह गई है उसे हम 2027 के पूर्व पूरा कर लेंगे.

