आगरादिल्ली

ताजमहल पर उर्स दाैरान निशुल्क प्रवेश….एक लाख से अधिक की उमड़ी भीड़ !!!

ताजमहल पर उर्स: एक लाख से अधिक की उमड़ी भीड़…कुचलने से बचे जायरीन और पर्यटक, बिछड़ गए लोग; देखें तस्वीरें
ताजमहल पर उर्स दाैरान निशुल्क प्रवेश के चलते पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा। एक लाख से अधिक लोग ताजमहल पर पहुंच गए। सुरक्षाकर्मियों के लिए भीड़ को संभालना मुश्किल हो गया। भीड़ में कई लोग अपनों से बिछड़ गए।
large crowd gathered at Taj Mahal in Agra for Shah Jahans Urs
ताजमहल पर भीड़। – फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

आगरा में मुगल बादशाह शाहजहां के 371वें उर्स के पहले दिन बृहस्पतिवार को संभवत: एक लाख से अधिक जायरीन और पर्यटक ताजमहल पहुंचे। मुख्य गुंबद के चबूतरे पर भीड़ प्रबंधन ध्वस्त हो गया। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग बिछड़ गए। कतार में खड़े लोगों में जमकर धक्का-मुक्की हुई। भीड़ में मारपीट के हालात बन गए। सुरक्षा इंतजाम ध्वस्त नजर आए।

शनिवार तक चलने वाला उर्स बृहस्पतिवार दोपहर 2 बजे शुरू हुआ। मुफ्त प्रवेश के लिए पश्चिमी गेट से नीम तिराहा तक पर्यटकों का हुजूम नजर आया। सीआईएसएफ सुरक्षाकर्मी भीड़ को व्यवस्थित नहीं कर सके। फोरकोर्ट से रॉयल गेट होकर स्मारक में प्रवेश मिला। जायरीनों को मुख्य गुंबद के चबूतरे तक पहुंचाने के लिए म्यूजियम की ओर बैरिकेडिंग की गई थी, लेकिन भीड़ अधिक होने से बैरिकेडिंग टूट गई। शाही मस्जिद की रेलिंग पर पर्यटक चढ़ गए। राष्ट्रीय महत्व के संरक्षित स्मारक को क्षति पहुंचने की आशंका है। हालांकि, एएसआई ने अभी आकलन नहीं किया है।

large crowd gathered at Taj Mahal in Agra for Shah Jahans Urs

ताजमहल पर भीड़। –

भीड़ अधिक होने के कारण लोगों को तहखाने में प्रवेश नहीं मिला। वहां शाहजहां और मुमताज की असली कब्रें हैं। मुख्य गुंबद के चबूतरे से लोगों को मेहमान खाना होकर बिल्ली वाली मस्जिद के पास से बाहर निकाला गया जिससे उन्हें पूर्वी गेट होते हुए ताजगंज की गलियों में भटकना पड़ा। शुक्रवार को ताजमहल में दोपहर 2 बजे से प्रवेश मुफ्त रहेगा। शनिवार को पूरे दिन प्रवेश मुफ्त होने के कारण बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। उर्स कमेटी के अध्यक्ष इब्राहिम जैदी ने बताया कि वालंटियर्स ने व्यवस्थाएं संभाली हैं। भीड़ अधिक होने के कारण कुछ लोगों को परेशानी हुई होगी।

 

large crowd gathered at Taj Mahal in Agra for Shah Jahans Urs
ताजमहल पर भीड़।
भीड़ से पुरानी मंडी-किला रोड जाम
ताजमहल पर उर्स के पहले दिन जायरीन और पर्यटकों की भारी भीड़ रही। इससे पुरानी मंडी-किला मार्ग पर वाहनों से जाम लग गया। माल रोड के साथ फतेहाबाद रोड पर भी पूरे दिन लोगों को जाम से जूझना प़ड़ा। पुलिस के इंतजाम नाकाफी रहे। 5 मिनट की दूरी तय करने में 20 से 30 मिनट लगे। पुरानी मंडी-किला मार्ग पर वनवे किया गया है। किले की तरफ जाने के लिए माल रोड, बालूगंज होते हुए वाहनों को निकाला जा रहा है।
 

large crowd gathered at Taj Mahal in Agra for Shah Jahans Urs
ताजमहल पर भीड़। – फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
वहीं, फतेहाबाद मार्ग पर भी नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत गंगाजल की पाइप लाइन डाली जा रही है। इस मार्ग पर वाहनों का दबाव अधिक है। ताजमहल जाने वाले पर्यटकों के वाहन भी निकलते हैं। बृहस्पतिवार को उर्स में पर्यटक वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम लगा। यमुना किनारा मार्ग पर भी वाहनों की लाइन लगी। शिल्पग्राम के आसपास भी भीड़ रही। पुलिसकर्मी वाहनों को निकालने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन उससे कोई निदान नहीं मिल पाया।
large crowd gathered at Taj Mahal in Agra for Shah Jahans Urs
ताजमहल पर भीड़। 
उर्स में बिछड़े 40 लोग, पुलिस ने मिलाया
ताजमहल में मुगल बादशाह शाहजहां के उर्स के पहले दिन उमड़ी भीड़ में 40 से ज्यादा लोग अपने परिजन से बिछड़ गए। इनमें आसपास के शहरों से आए लोग और बच्चे शामिल रहे। पुलिस ने उन्हें अपने परिजन से मिलवाया। इनमें धनौली का 12 वर्षीय आर्यन, 6 वर्षीय जय, मथुरा के 70 वर्षीय जीशान और 6 वर्षीय इल्मा, फिरोजाबाद की 25 वर्षीय मालती देवी, भरतपुर की माया देवी, धनौली की सपना, मोहनपुरा का वीर, फिरोजाबाद की अमीना, रामनगर, फिरोजाबाद की जैस्मीन, दौकेली फिरोजाबाद के हरी शंकर, जलेसर की अनीता देवी और रेनू, ग्वालियर की कैफिया, अछनेरा के राज और रीना, ग्वालियर की नाजिया, सुनीता देवी के बिछड़ जाने पर पुलिस ने तलाशा।
large crowd gathered at Taj Mahal in Agra for Shah Jahans Urs
ताज सुरक्षा पुलिस के उपनिरीक्षक शिवराज सिंह ने वायरलेस और पीए सिस्टम से सूचना प्रसारित कराई, जिस पर उन्हें परिजनों से मिलवाया गया। ताज सुरक्षा पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि उर्स में भारी भीड़ के दौरान बच्चों का हाथ पकड़कर रखें और उनकी जेब में अपना मोबाइल नंबर लिखी एक पर्ची जरूर रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *