रात की बसें कितनी सुरक्षित…लंबी दूरी की 27 बसें जांच में फेल !!!
अगर आप रात में एसी या स्लीपर बस से सफर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए है। मप्र में ऐसी 27 लंबी दूरी की यात्री बसें पकड़ी गई हैं, जिनमें आग लगने की स्थिति में यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने के इंतजाम ठीक नहीं थे। इन सभी बसों को जब्त कर उनके परमिट निरस्त कर दिए गए हैं। आगे इनका रजिस्ट्रेशन भी कैंसिल हो सकता है।
रायसेन में 13 जनवरी की रात चलती बस में आग लगने की घटना के बाद परिवहन विभाग हरकत में आया। बुधवार रात 11 बजे प्रदेशभर में आरटीओ व फील्ड अफसर अचानक सड़कों पर उतरे। यह कार्रवाई रात 3 बजे तक चली। इस दौरान इंदौर में 9, उज्जैन में 7, सागर में 5 व जबलपुर में 3 समेत कुल 27 बसें सुरक्षा मानकों पर फेल पाई गईं।
कई बसों में इमरजेंसी गेट या तो बंद थे या सिर्फ दिखावे के लिए लगे थे। स्लीपर बसों में बर्थ के बीच का गलियारा बहुत संकरा था। कुछ बसों में फायर सेफ्टी सिस्टम खराब मिले, तो कुछ में ये उपकरण नहीं थे।
रात 11 बजे सड़क पर उतरे आरटीओ, 4 घंटे में मानकों के खिलाफ चल रहीं 27 बसें जब्त, परमिट निरस्त अब रजिस्ट्रेशन भी कैंसिल होंगे
एआईएस के मानकों की जांच की
फील्ड अफसरों ने सभी बसों में ऑटोमोटिव इंडस्ट्री स्टैंडर्ड (एआईएस) के मानकों की जांच की है। एआईएस कोड भारत सरकार द्वारा तय किए गए तकनीकी सुरक्षा मानक हैं, जो विशेष रूप से बसों और स्कूल वाहनों की सुरक्षा, संरचना और अग्नि सुरक्षा से संबंधित हैं।
बता दें कि अक्टूबर 2025 में राजस्थान के जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर चलती एसी बस में लगी भीषण आग में 20 यात्रियों की मौत के बाद बसों के फायर सेफ्टी ऑडिट के निर्देश दिए गए थे। तब जारी हुए निर्देश में विभाग ने सभी फील्ड अफसरों को चेतावनी दी थी कि तय सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाली बसों का संचालन तुरंत बंद करवाया जाए।
यात्री क्या देखकर तय करें कि बस सुरक्षित है या नहीं?
बस में चढ़ते ही देखें- इमरजेंसी एग्जिट खुलता है या नहीं
- फायर एक्सटिंग्विशर मौजूद हो और एक्सपायरी खत्म न हुई हो
- स्लीपर बस में बर्थ के बीच इतना स्पेस हो कि आसानी से निकला जा सके
- खिड़कियों और छत पर लगे इमरजेंसी कट-आउट ढके या सील न हों।
इसलिए खतरनाक होते हैं हादसे
- बर्थ के बीच गलियारा बहुत संकरा हो जाता है, किसी हादसे के वक्त इसमें लोग फंस जाते हैं।
- इमरजेंसी एक्जिट या तो हटा दिया जाता है या बंद कर दिया जाता है। {बस की छत और दीवारें ऐसी सामग्री की नहीं होतीं जो आग पकड़ने में धीमी होती है या आग के फैलाव को रोकती है।


