निगम की ढिलाई से 69 हजार लोगों पर 181 करोड़ का जल कर बकाया, कुर्की की तैयारी !

नगर निगम अमले की ढिलाई और मैदानी कार्रवाई नहीं करने के कारण दिनों-दिन पानी के बकायादारों की सूची अपडेट होती जा रही है। इस साल अभी तक 69,192 बकायादार सामने आए हैं। ये पांच हजार रुपए से दो लाख रुपए तक के बकायादार बताए जा रहे हैं। इनसे निगम को 181 करोड़ रुपए की राशि लेना है। ये बकायादार निगम से पानी का कनेक्शन लेकर रोज पानी ले रहे हैं। लेकिन निगम पीएचई अमले की अनदेखी के कारण बिल नहीं दे रहे है।
अब साल के वित्तीय वर्ष के अंतर में ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई (कुर्की) करने का अफसर दावा कर रहे हैं। निगम ने इनको 15 दिन तक का नोटिस देकर बकाया राशि देने के लिए कहा है। इसके साथ ही हर वार्ड से 5-5 सबसे ज्यादा बकायादारों की लिस्ट तैयार की गई है। इन पर सबसे पहले बड़ी कार्रवाई की तैयारी है।
वसूली को लेकर सप्ताह में 2 दिन लगाए जाएंगे कैंप
नगर निगम शहर के अंदर तिघरा जलाशय ही नहीं बोरिंग से भी 66 वार्डों में पानी सप्लाई करता है। उसका बिल 150 रुपए महीने का होता है। इसके साथ ही कमर्शियल कनेक्शन भी दिए जाते हैं। उनको भी महीने का 645 रुपए बिल लिया जाता है। इसके बाद भी लोगों को पर्याप्त पानी मिलने के बाद भी लोग बिल चुकता नहीं कर रहे हैं। अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने आदेश हैं कि प्रत्येक शुक्रवार-शनिवार को वार्ड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। जिससे वसूली बढ़ सके।
नोटिस के साथ सार्वजनिक स्थल पर नाम चस्पा होंगे
निगम ने जो सूची तैयार की है। उसमें दो साल तक के बड़े बकायादार है। इस तरह अभी हर वार्ड से 5-5 बड़े बकायादारों के नाम छांटे गए हैं। इस तरह निगम के कुल 66 वार्डों में 330 लोगों की सूची प्रथम चरण में तैयार की गई है। इस सूची को शहर के सार्वजनिक स्थल पर लगाई जाएगी। इसके बाद दूसरी सूची में दर्ज उपभोक्ताओं के नाम पब्लिक को बताए जाएंगे। इसका उद्देश्य बड़े बकायादारों से वसूली करना है। जिसके लिए निगम ने तैयारी कर ली है।

