कोरोना संक्रमण की जानकारी देने गए पुलिसकर्मियों ने महिलाओं पर बरसाई लाठियां, वीड‍ियो वायरल

खंडवा। छैगांवमाखन थाना क्षेत्र के ग्राम बंजारी में पुलिस की बर्बरता सामने आई है। एक परिवार के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट करने का वीडियो वायरल हुआ। इसमें पुलिसकर्मी महिलाओं को भी पाइप और लठ से पीटते हुए नजर आए हैं। विधायक राम दांगोरे ने मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग की है। इधर पुलिस का कहना है कि कोराेना पाजिटिव आए युवक के स्वजनों ने स्वास्थ्यकर्मी और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की। बचाव में पुलिस को लठ चलाना पड़े।

ग्राम बंजारी में 20 वर्षीय ललित पुत्र श्रीराम कुनबी का शुक्रवार को कोरोना सैंपल लिया गया था। इसकी पाजिटिव रिर्पोट रविवार को आई। इसके बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम की मेडिकल अधिकारी पूर्वा कुशवाह और स्वास्थ्यकर्मी सुनीता सूर्यवंशी रविवार को दोपहर में करीब एक से दो बजे के बीच में ग्राम बंजारी पहुंची थीं। यहां जब उन्होंने ललित के स्वजनों को जानकारी दी तो उन्होंने उसके साथ विवाद किया।

उन्होंने कहा कि तुमने सैंपल किससे पूछकर लिया। स्वास्थ्यकर्मी कुशवाह ने बताया कि स्वजनों ने स्वास्थ अमले के अधिकारी व कर्मचारियों के साथ विवाद करते हुए मारपीट करना शुरू कर दी। इसके बाद स्वास्थ्य कर्मचारी वहां से वाहन छोड़कर जान बचाकर भागे। ललित के स्वजनों ने कोरोना पाजिटिव मरीजों की जानकारी लिखा हुआ रजिस्टर भी छीन लिया। इस बात की जानकारी लगने पर पुलिस गांव पहुंची थी। पुलिस पर भी पथराव किया गया। ईंट और पत्थर फेंककर मारे।

बचाव में पुलिस को सख्ती करना पड़ी। छैगांवमाखन थाना प्रभारी कनेल ने बताया कि मारपीट में एसआई शिवराम पाटीदार, आरक्षक आकाश, एसआई आरडी यादव घायल हुए हैं। इसके साथ ही मेडिकल अधिकारी पूर्वा कुशवाह और सुनिता सूर्यवंशी को भी चोट आई है। पूर्वा कुशवाह की शिकायत पर स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट करने पर पांच से अधिक लोगों पर प्रकरण दर्ज किया गया।

दो अलग-अलग वीडियो हुए वायरल

गांव में परिवार के साथ की जा रही मारपीट के दो वीडियाे वायरल हुए हैं। 30 सेकंड के पहले वीडियो में पुलिसकर्मी युवक के घर में घुसकर उसे बाहर निकालते हुए दिख रहे हैं। इस दौरान स्वजन उसे छुड़वाते रहे। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने युवक और उसके स्वजनों के साथ मारपीट करना शुरू कर दी। इसके साथ ही दूसरा वीडियो भी 30 सेकंड का है। इसमें पुलिसकर्मी महिला और एक युवती पर पाइप बरसाते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस की बर्बरता का वीडियो पास ही एक मकान की छत से बनाया गया। पुलिस की बर्बरता से गांव में आक्रोश है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *