रोलर से कुचले जाएंगे जब्त हथियार:भोपाल में पहली बार होगा जब्त हथियारों का खात्मा, पुलिस ने शुरू की 877 हथियारों में से छंटनी

भोपाल जिले के थानों में दर्ज अपराधों में जब्त किए गए देशी कट्‌टे, देशी पिस्टल, रिवॉल्वर और बंदूकों को जल्द ही नष्ट किया जाएगा। इनमें वर्ष 1978 में यानी करीब 43 साल पहले जब्त किए गए फायर आर्म्स भी शामिल हैं। नष्ट केवल उन्हीं हथियारों को किया जाएगा, जिनके मामले में अदालत फैसला सुना चुकी है।

पुलिस लाइन की आर्मरी शाखा में फिलहाल 877 फायर आर्म्स जब्त हैं। इनमें से उन हथियारों की जानकारी निकाली जा रही है, जिन्हें कुछ दिनों में रोड रोलर से कुचलवाया जाएगा। संभवत: भोपाल जिले में ऐसा पहली बार होगा, जब इतनी बड़ी संख्या में फायर आर्म्स को नष्ट किया जाएगा।

एसपी मुख्यालय रामजी श्रीवास्तव ने बताया कि अलग-अलग थानों में दर्ज अपराधों के 877 फायर आर्म्स जब्त हैं। इनमें से कुछ में अदालत ने नष्टीकरण के आदेश भी कर दिए हैं। बहुत से ऐसे हैं, जिनमें अदालत का आदेश आना बाकी है। हर थाना प्रभारी को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं कि तय प्रावधान के तहत ऐसे मामलों का निराकरण करवाएं, जिनमें अदालत से नष्टीकरण के आदेश होने बाकी हैं। अदालत का आदेश मिलते ही तय प्रक्रिया के तहत इन हथियारों को नष्ट किया जाएगा।

नीलाम होंगे फैक्टरी मेड आर्म्स, लाइसेंस धारी ही बोली लगा सकेगा

एसपी ने बताया कि जब्त किए गए हथियारों में वर्ष 1978 के भी हथियार शामिल हैं। तब से वर्ष 2020 के बीच जब्त किए गए देशी कट्‌टे, देशी पिस्टल, रिवॉल्वर और बंदूकें हैं। इनमें कुछ ऐसे फायर आर्म्स भी हैं, जो फैक्टरी मेड (लाइसेंसी) हैं। इन हथियारों को भी अलग किया जा रहा है, ताकि इन्हें नीलाम करवाया जा सके। नीलामी में वही व्यक्ति बोली लगा सकेगा, जिसके पास संबंधित हथियार का लाइसेंस है। यानी किसी को 12 बोर की बंदूक बोली लगाना है तो उसके पास 12 बोर की बंदूक का लाइसेंस पहले से होना अनिवार्य है।

1978 के हथियार भी- तब अपराधों में कम था फायर आर्म्स का चलन

पुलिस के पास फिलहाल करीब 43 साल पहले के भी जब्त फायर आर्म्स हैं। वर्ष 1978 से पहले अपराधों में फायर आर्म्स का चलन कम था। ऐसे हथियारों की तब उपलब्धता भी कम ही रहती थी। मौजूदा समय में अपराधों में फायर आर्म्स का चलन लगातार बढ़ रहा है। दस साल पहले ग्वालियर में फायर आर्म्स का नष्टीकरण कलेक्टर पी नरहरि और एसपी मकरंद देउस्कर ने मिलकर किया था। इस दौरान भी अदालत से निराकृत हथियारों को रोड रोलर से कुचलवाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *