इस मां को नहीं पता, उजड़ चुकी गोद ……बच्चे की झलक भर देखी, बोली- अस्पताल से छुट्‌टी होते ही सबसे पहले बेटे को देखने जाऊंगी

सुल्तानिया हॉस्पिटल में ऐसी कई माएं एडमिट हैं, जिन्हें नहीं पता कि कमला नेहरू हॉस्पिटल में लगी आग ने उनकी गोद उजाड़ दी। उन्हें उम्मीद है कि उनके बच्चों की किलकारियां हॉस्पिटल में गूंज रही होगी। हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होते ही जिगर के टुकड़ों को सीने से लगाएंगी। ऐसी ही एक मां हैं सोनाली मसाने।

सोनाली 8 नवंबर को बच्चे को जन्म देने के बाद से सुल्तानिया में एडमिट हैं। बच्चा कमला नेहरू हॉस्पिटल में एडमिट था। मैनेजमेंट का दावा है कि उनके बच्चे की मौत हो चुकी है। गुरुवार को सोनाली से दैनिक भास्कर ने सुल्तानिया अस्पताल में जाकर बात की। दर्द से कराहती सोनाली ने कहा- जन्म के बाद बच्चे को एक ही झलक देखा। आज झुट्‌टी होने के बाद सबसे पहले बच्चे को देखने कमला नेहरू अस्पताल जाऊंगी।

जन्म के बाद सोनाली का बच्चा।
जन्म के बाद सोनाली का बच्चा।

ओमनगर बागसेवनिया में रहने वाली सोनाली मसाने (19) पत्नी अरुण मसाने ने 8 नवंबर को सुल्तानिया हॉस्पिटल में बच्चे को जन्म दिया था। जन्म के बाद बच्चे की हालत ठीक नहीं होने पर उसे कमला नेहरू अस्पताल में रेफर कर दिया। उसी रात कमला नेहरू में आग लगी गई।

हादसे के बाद बच्चा ठीक था

सोनाली की मौसी पूनम ने बताया कि आग के बाद बच्चा ठीक था। अगले रोज बताया कि बच्चे की मौत हो गई है। शव हमीदिया पोस्टमॉर्टम हाउस में रखा है। जब पूनम बच्चे के शव को देखने हमीदिया पहुंचीं, तो उन्होंने शव को पहचानने से इनकार कर दिया। पूनम का कहना है कि यह सोनाली के बच्चे का शव नहीं है। बुधवार को पुलिस ने सोनाली और बच्चे का DNA टेस्ट के लिए सैंपल लिया।

13 बच्चों में 12 का अंतिम संस्कार हो चुका
पूनम ने बताया कि जिस बच्चे के शव को अंतिम संस्कार के लिए सौंपा जा रहा, वह सोनाली के बेटे का शव नहीं है। पुलिस, हमीदिया के अधिकारियों ने उससे यह वादा किया है कि DNA रिपोर्ट में यदि सैंपल का मिलान नहीं होगा तो दूसरे बच्चा दिया जाएगा। पूनम का कहना है कि वह इसी शर्त पर बच्चे का अंतिम संस्कार करने को राजी हुई हैं। बड़ा सवाल यह कि यदि सैंपल मिलान नहीं हुए तो जिम्मेदार पूनम को किस बच्चे का शव देंगे। 13 बच्चों में 12 का अंतिम संस्कार हो चुका है। क्या प्रशासन अब सभी बच्चों को कब्र से निकालकर उनका DNA कराएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *