नोएडा में दरोगा को बदमाशों ने गोली मारी ….. चेकिंग के लिए रुकने का दरोगा ने किया था इशारा, पास आए और गोली मारकर भागे
उत्तर प्रदेश के नोएडा जिले में शुक्रवार को वाहन चेकिंग के दौरान रोकने पर बाइक सवार दो संदिग्ध बदमाशों ने सब इंस्पेक्टर अंकुर चौधरी को गोली मार दी। गोली दरोगा के पैर में लगी है। उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां हालत खतरे से बाहर बताई गई है। बदमाशों की तलाश में पुलिस की कई टीमें कांबिंग कर रही हैं। अंकुर चौधरी नोएडा जिले में दनकौर कोतवाली क्षेत्र की बिलासपुर पुलिस चौकी के प्रभारी हैं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर वह वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। जैसे ही बाइक सवार दोनों युवक नजदीक आए तो उनमें से पीछे बैठे शख्स ने तमंचा निकालकर दरोगा को गोली मार दी। एक गोली अंकुर के पैर में लगी। वह लड़खड़ाकर नीचे गिर गए।
बदमाशों का नहीं लगा सुराग
पुलिस चौकी पर तैनात अन्य पुलिसकर्मी इससे पहले कुछ समझ पाते तब तक बाइक सवार दोनों बदमाश फरार हो चुके थे। पुलिसकर्मी घायल दरोगा को लेकर अस्पताल के लिए रवाना हो गए। वारदात की खबर मिलते ही नोएडा एडीसीपी रणविजय सिंह मौके पर पहुंच गए। एडीसीपी ने बताया कि बदमाशों की तलाश में कई टीमें गठित कर दी गई है। उनको जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दरोगा की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।