भास्कर स्टिंग ऑपरेशन ….. देश के 25 शहरों में जाली करेंसी का रैकेट; फ्रांस के सरगना की डील- 25 लाख दो, एक करोड़ के नकली नोट लो

  • देश में दक्षिण अफ्रीका के 50 लोगों का नेटवर्क, 10% कमीशन पर चल रहा धंधा

देश में नकली नोटों का कारोबार फिर धड़ल्ले से चल पड़ा है और इसका बड़ा अड्‌डा दिल्ली जैसी कैपिटल सिटीज हैं। दैनिक भास्कर ने अपने एक स्टिंग ऑपरेशन में इसका खुलासा किया है। इसमें बड़े नोट, खासकर 2000 और 500 के नकली नोटों के धंधे का पता चला है। इस कारोबार में देश के कई शहर और वहां के लोग शामिल हैं, लेकिन इसके सरगना फ्रांस और अफ्रीकी देशों में बैठे हैं।

हमने फ्रांस में बैठे सरगना से 15 दिन पहले कॉन्टैक्ट किया। वॉट्सऐप पर चली बातचीत के बाद वो महज 5 दिन पहले नकली नोटों की डील के लिए राजी हो गया। इसके बाद हम राजस्थान के बांसवाड़ा से करीब 777 किमी का सफर तय कर डील के लिए दिल्ली पहुंचे और इस स्टिंग ऑपरेशन को अंजाम दिया।

सोमवार को हमारे इस ऑपरेशन के दौरान ही सरगना का भारत में कारोबार संभालने वाला साउथ अफ्रीकी गुर्गा पुलिस के हत्थे चढ़ा गया। उसने कबूल किया कि भारत के 25 शहरों में नकली नोटों का धंधा फ्रांस से ऑपरेट हो रहा है। कैसे हो रहा है ये कारोबार, जानिए इस रिपोर्ट में…

वॉट्सऐप पर मिला सरगना और धंधे के बारे में सब कुछ बताया
रिपोर्टर ने फ्रांस में बैठे सरगना माइकल से वॉट्सऐप नंबर +33752583492 के जरिए संपर्क किया। माइकल ने दावा किया कि दिल्ली और बेंगलुरु में नकली नोटों के फ्री सैंपल मिल जाएंगे। बाजार में चलाकर देख सकते हैं। भरोसा होने पर एक लाख रुपए दें और 4 लाख के नकली नोट ले लें।

सरगना से बात हुई, फिर भारत में उसके गुर्गे ने संपर्क किया
रिपोर्टर ने डील के लिए हामी भरी तो कुछ ही देर में दिल्ली में गिरोह चलाने वाले उसके गुर्गे यातारे ने वॉट्सऐप नंबर 7835929389 के जरिए संपर्क किया। उसका काम पार्टी से मिलकर उसके बारे में पूरी पड़ताल करनी है। यातारे को 1 लाख रुपए की डील पर 10% कमीशन यानी 10 हजार रुपए मिलते हैं।

रिपोर्टर को वीडियो कॉल पर मशीन में नकली नोट गिनकर दिखाए
29 नवंबर को सुबह माइकल ने रिपोर्टर से फिर संपर्क किया। रिपोर्टर ने माइकल से पूछा कि उसके पास नकली नोट हैं, इसका यकीन हम कैसे करें? इस पर उसने वॉट्सऐप किया और कहा कि पहले होटल का पूरा कमरा दिखाओ। जब उसे कोई खतरा नहीं नजर आया, तो वीडियो काॅल के जरिए नकली नोटों की गडि्डयां दिखाईं। इसमें 2000 और 500 के नोट थे।

हमने कहा कि रुपए गिनने वाली मशीन नकली नोटों को आसानी से पकड़ लेगी। मशीन में 24,840 रुपए काउंट करके दिखाओ और उसका वीडियो भी भेजो। हमने 24,840 रु. के ही नोट अपने सामने इसलिए गिनवाए, ताकि वो पहले से गिने हुए नोटों का वीडियो न भेज सके। माइकल ने 24,840 रुपए के नकली नोट मशीन से काउंट करके भी दिखाए। हैरानी ये कि 2000, 500 और 200 के एक भी नोट को मशीन पकड़ नहीं पाई।

माइकल और उसके गुर्गों के साथ रिपोर्टर की पूरी बातचीत पढ़िए
माइकल: बेंगलुरु व दिल्ली में भारतीय मुद्रा उपलब्ध है। प्रतिनिधि दोनों शहरों में फ्री सैंपल उपलब्ध करा देंगे। पहली मीटिंग फ्री रहेगी। सैंपल काे बाजार में चलाकर देखाे। अगर आप बिजनेस करने को राजी होते हो ताे एक लाख रुपए के बदले 4 लाख के नकली नोट मिलेंगे।
रिपोर्टर: दिल्ली में कहां और कब मिलोगे?
माइकल: कभी भी। तुम्हारा नाम, बिजनेस और उम्र बताओ।

(इसके कुछ देर बाद रिपोर्टर के पास वॉट्सऐप नंबर 7835929389 से मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले यातारे ने कहा कि आपका नंबर डॉ. माइकल ने दिया है। यातारे ही माइकल का मेन आदमी है।)

यातारे: आप कहां पर हो। मैं दिल्ली में हूं।
रिपोर्टर: जयपुर।

यातारे: ओके। दिल्ली कब आ रहे हो? मैं मिलना चाहता हूं। मैं बिजनेस के बारे में सब कुछ दिखाऊंगा।
रिपोर्टर: रविवार को।

यातारे: ठीक है। रात को कन्फर्म कर देना।
रिपोर्टर: ठीक है। सोमवार को हम जयपुर से दिल्ली पहुंच जाएंगे।

यातारे: कोई समस्या नहीं। जब आप रवाना हो तो मुझे बता देना। जब आप पहुंच जाओ, तब होटल मत लेना। महिपालपुर आ जाना। वहीं हम मिलकर होटल चलेंगे।
रिपोर्टर: हम रात 12 बजे तक दिल्ली पहुंच जाएंगे।

यातारे: ठीक है। सोमवार सुबह 10 बजे महिपालपुर मिलता हूं। आप पहुंचकर एक होटल कर लेना। इसके बाद मैं फोन करूंगा।
रिपोर्टर: ठीक है। दिल्ली पहुंचकर तुम्हें होटल का एड्रेस भेजता हूं।

यातारे ने किस तरह से डील आगे बढ़ाई
यातारे ने पहले कहा कि वह महिपालपुर में होटल में ही मुलाकात करेगा। वह खुद कमरा लेगा और उसी में बुला लेगा। इसके बाद उसने प्लान बदल दिया। 11 बजे बाहर मिलने के लिए बुलाया। कहा कि आप होटल के बाहर आ जाओ, नीचे मिलेंगे। इसके बाद उसने कहा कि वह टैक्सी नहीं लेगा। ऑटो में ही चलेंगे। उसके साथ बाइक पर 2 युवक थे और एक साउथ अफ्रीकन लड़की थी। उसके हाथ में एक बैग था। वह ऑटो में जैसे ही बैठने लगा, दिल्ली पुलिस ने उसे दबोच लिया, लेकिन बाइक सवार दोनों युवक और लड़की फरार हो गए। पुलिस इनकी तलाश कर रही है।

माइकल को अपने गुर्गे की गिरफ्तारी का पता नहीं था
यातारे के पकड़े जाने के बाद माइकल ने वॉट्सऐप के जरिए रिपोर्टर से फिर बातचीत की। उसे अपने एजेंट की गिरफ्तारी के बारे में पता नहीं था। उसने बातचीत में दावा किया कि 25 लाख रुपए के बदले आपको 1 करोड़ रुपए के नकली नोट मिल जाएंगे। माइकल ने कहा कि मंगलवार सुबह ही दिल्ली में 1 करोड़ रुपए की डिलीवरी मिल जाएगी।

जब गिरफ्तारी का पता चला तो रिपोर्टर को दी धमकी
सोमवार दोपहर तक माइकल को अपने गुर्गे की गिरफ्तारी की जानकारी मिल चुकी थी। शाम 4 बजे उसने रिपोर्टर को फिर वॉट्सऐप कॉल की। इस कॉल में उसने अपना चेहरा नहीं दिखाया। उसने धमकी दी- दुनिया के किसी भी कोने में छिप जाना। मैं ढूंढकर जान से मार दूंगा। अगले 24 घंटे में तुम्हें मार दूंगा।

यातारे ने खोले देश में चल रहे धंधे के राज
यातारे ने बताया कि फ्रांस से माइकल का ही फोन आता है। वह उसे बताता है कि किस व्यक्ति से मिलना है। उसका काम सिर्फ पार्टी के बारे में जानकारी जुटाना है। माइकल नकली नोटों के बंडल भेजता है और वह उन्हें डिलीवर करता है। हर डील पर उसे 10% कमीशन मिलता है। नोट कहां छपते हैं, उसे इसकी कोई जानकारी नहीं है। भारत के 25 शहरों में उसके जैसे कई साउथ अफ्रीकी एजेंट है, जिन्हें माइकल कंट्रोल करता है और उनके जरिए धंधा ऑपरेट करता है।

इस स्टिंग में भास्कर को जयपुर के साइबर एक्सपर्ट जयदीप शर्मा और सामाजिक कार्यकर्ता कमलेश शर्मा का सहयोग मिला।
इस स्टिंग में भास्कर को जयपुर के साइबर एक्सपर्ट जयदीप शर्मा और सामाजिक कार्यकर्ता कमलेश शर्मा का सहयोग मिला।

पिछले साल महाराष्ट्र में पकड़े गए 83.61 करोड़ के नकली नोट
NCRB की रिपोर्ट में बताया गया है कि देश में नकली नोटों की बरामदगी के मामलों में कमी नहीं आई है। अकेले महाराष्ट्र में 2020 में 97 लोगों के पास से पुलिस ने 6,99,495 भारतीय नकली नोट पकड़े। जिनका कुल मूल्य 83.61 करोड़ रुपए था। 2020 में देश में कुल 92.18 करोड़ मूल्य की 8,34,947 फर्जी भारतीय करेंसी पकड़ी गई। यह 2019 की तुलना में 190.5% ज्यादा है। 2019 में 25.39 करोड़ रुपए की नकली करेंसी पकड़ी गई थी।

महाराष्ट्र के अलावा यहां भी नकली नोटों का जाल

खबरें और भी हैं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *