मार्केट में डेटोल, सैवलोन नाम से नकली सैनिटाइजर!:लोकल अल्कोहल की केन पर नामी कंपनियों के स्टीकर लगाकर 250 का माल 2500 में बेचा; ऐसे करें पहचान

कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए इस्तेमाल होने वाला नकली हैंड सैनिटाइजर डेटॉल, सैवलॉन नाम की कंपनियों से बाजार में बिक रहा है। रातीबड़ पुलिस ने मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात को कलखेड़ा रोड पर नकली हैंड सैनिटाइजर बनाने वाली बड़ी फैक्टरी पकड़ी है। पुलिस ने फैक्टरी से 780 लीटर नकली सैनिटाइजर बरामद किया है। इस लोकल अल्कोहल से तैयार किया गया था। पुलिस ने मामले में फैक्टरी संचालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

रातीबड़ थाना प्रभारी सुधेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिली कि थाना क्षेत्र में स्वच्छ हरवल कंपनी द्वारा कलखेड़ा रोड पर बड़े पैमाने पर नकली हैंड सैनिटाइजर बनाया जा रहा है। पुलिस ने दबिश देकर जांच शुरू की। इसमें डेटॉल, सैवलॉन जैसे ब्रांडेड कंपनी के स्टीकर लगे डिब्बों में नकली सैनिटाइजर भरा मिला। पुलिस को 156 नग 5 लीटर की कैन में 780 लीटर नकली हैंड सैनिटाइजर बरामद किया।

मामले में फैक्टरी संचालक जेक पार्क कोलार रोड में रहने वाले फैक्टरी संचालक अक्षय शर्मा, पुलिस बोगदा ऐशबाग निवासी फाइज आलम को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि बताया कि वे लंबे समय से उक्त कार्य में लिप्त थे। बीच में व्यापार कम होने और पुनः कोरोना लहर की आशंका के चलते नकली हैंड सैनिटाइजर बनाने का काम शुरू कर दिया था। 200 से 250 रुपए लागत के नकली सैनिटाइजर को ब्रांडेड हैंड सैनिटाइजर का स्टीकर लगाकर 2000 से 2500 रुपए में बेचते हैं।

ऐसे करें नकली-असली की पहचान

1. टॉयलेट पेपर: हैंड सैनिटाइजर की गुणवत्ता परखने के लिए आप टॉयलेट पेपर या टिश्यू पेपर का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए पेपर के ऊपर पेन की मदद से एक छोटा गोला बना दें। यह गोला पेपर के बीच में बनाएं। अब इस गोले के ऊपर सैनिटाइजर की कुछ बूंदें डालें। यदि इस गोले की इंक फैल जाती है तो समझ लीजिए आपके सैनेटाइजर में मिलावट है और यह आपके हाथों को पूरी तरह डिसइंफेक्ट करने में सक्षम नहीं है, जबकि अगर आपका सैनिटाइजर असली है तो इस गोले की इंक बिल्कुल नहीं फैलेगी। सैनेटाइजर पेपर को गीला करेगा और बहुत जल्दी सूख जाएगा।

2. हेयर ड्रायर से सुखाएं: हैंड सैनिटाइजर को एक कटोरी में निकाल लें। अब इसे हेयर ड्रायर से सुखाएं। अगर आपका हैंड सैनिटाइजर असली है तो वह 3 से 5 सेकंड में सूख जाएगा। यदि यह सैनिटाइजर नकली हुआ तो इतने समय में नहीं सूखेगा और कटोरी में बचा रहेगा।

3. आटा टेस्ट : हैडसैनिटाइजर की गुणवत्ता की जांच आप आटे के जरिए भी कर सकते हैं। इसके लिए एक कटोरी में 1 चम्मच आटा लीजिए। इस आटे में थोड़ा-सा हैंडसैनिटाइजर डालिए। अब इन दोनों को अच्छी तरह मिलाकर गूथने की कोशिश कीजिए।अगर आपका हैंड सेनिटाइजर असली है तो यह आटा गुथेगा नहीं बल्कि बिखरा-बिखरा रहेगा। अगर सैनिटाइजर नकली है तो यह आटे को ठीक उसी तरह गूंथ देगा जैसे कि आटा पानी में गुथता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *