सपा की लाल टोपी दंगों के खून से रंगी है … आगरा में CM योगी बोले- रामभक्तों पर गोली चलाने का पाप भी है इनपर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा के किरावली में प्रभावी मतदाता संवाद को संबोधित कर रहे हैं। योगी ने कहा कि जो संकट में साथी नहीं वो, आपका साथी नहीं। वे कैसे सहयोगी जो संकट में सहयोग न करें। संकट में भाजपा सहयोग कर रही थी। वे अवसरवादी हैं। अवसरवादियों को सबक सिखाने की जरूरत है। सपा-कांग्रेस में अपराधियों को टिकट देने की होड़ मची है। दंगों से सपा की टोपी रंगी हुई है। गौरव और सचिन नाम के युवकों के खून से इनके हाथ रंगे हैं। रामभक्तों पर गोली चलाने का पाप भी इन पर लगा है।

गोकुल जाट ने औरंगजेब के छक्के छुड़ा दिए थे। औरंगजेब यहां रौंदने आया था। यहां के योद्धाओं ने उस विदेशी आक्रांता को रौंदा था। समाजवादी पार्टी ने गोकुल जाट को सम्मान नहीं दिया। समाजवादी सरकार औरंगजेब के नाम से म्यूजियम बना रही थी। हमने कहा ये छत्रपित शिवाजी के नाम से बनेगा।

समाजवादी सरकार में विकास का मतलब सैफई का विकास था। आगरा वंचित रह जाता था। आज आगरा में मेट्रो तैयार हो रही है। गंगा जल उपलब्ध करा दिया था। हमारी सरकार ने 1 करोड़ वृद्धजनों, दिव्यांगों को 12 हजार रुपए साल की पेंशन दे रही है। बेटी के जन्म से शिक्षा तक हमारी सरकार ने कन्या सुमंगला योजना शुरू की।

यहां बेटियों की सुरक्षा में कितना खेल होता था। अब तो दंगा करने वालों को सोचना होता है। सपा सरकार में हर 3 दिन में दंगा होता था।

जानिए यहां किस सीट पर क्या हाल

एत्मादपुर विधानसभा
एत्मादपुर विधानसभा में ठाकुर, दलित और बघेल वोटरों की संख्या ज्यादा है। इस सीट पर भाजपा व सपा ने ठाकुर प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि बसपा ने बघेल प्रत्याशी पर दांव खेला है। यहां पर भाजपा और बसपा के बीच कड़ी टक्कर है। बसपा प्रत्याशी भाजपा के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रबल प्रताप उर्फ राकेश बघेल हैं। राकेश बघेल को दलित के साथ बघेल मतदाताओं के झुकाव को देखते हुए भाजपा चिंतित है। एत्मादपुर में करीब सवा लाख ठाकुर मतदाता है। ऐसे में ठाकुर वोट को अपने पक्ष में करने के लिए भाजपा पूरी ताकत झोंक रही है।

फतेहाबाद विधानसभा
एत्मादपुर की तरह फतेहाबाद विधानसभा सीट पर भाजपा की जीत का गणित गड़बड़ाता दिख रहा है। भाजपा ने यहां से छोटेलाल वर्मा को उतारा है। वहीं, सपा ने रूपाली दीक्षित तो बसपा ने शैलू जादौन पर दांव खेला है। यहां पर भाजपा और सपा के बीच में कांटे की टक्कर मानी जा रही है। सपा की रूपाली दीक्षित को यादव वोट के साथ ब्राह्मण व फतेहाबाद से भाजपा के विधायक जितेंद्र वर्मा के सपा में आने के बाद निषाद वोट मिलने की संभावना है। वहीं, बसपा के प्रत्याशी भी दलित व ठाकुर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में लगे हैं। ऐसे में भाजपा की जीत की कैलकुलेशन बिगड़ रही है।

फतेहपुर सीकरी विधानसभा
फतेहपुर सीकरी में जाट वोटरों की अधिकता है। माना जाता है कि यहां पर जाट जिसके साथ आ जाएं, उसकी जीत पक्की होती है। 2017 में भाजपा ने यहां से चौधरी उदयभान को टिकट दिया था और वो जीते भी थे। इस बार भी भाजपा ने पूर्व सांसद चौ. बाबूलाल को टिकट दिया है। मगर, जाट होने के बाद भी सीट फंसती दिख रही है। इसका कारण है कि सपा-रालोद गठबंधन में रालोद और कांग्रेस ने भी यहां से जाट प्रत्याशी उतारे हैं। ऐसे में जाट वोट बंटने की गुंजाइश है। इसलिए अब जीत के लिए फिर से ठाकुर मतदाता के साथ अन्य मतदाता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पूर्व में यहां से ठाकुर सूरजपाल बसपा से विधायक रह चुके हैं। ऐसे में ठाकुर फैक्टर यहां भी हावी है। तीनों सीटों पर ठाकुरों को साधने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *