हार्दिक पटेल बोले- योगी अपने 5 काम गिनाकर दिखाएं, जिन्ना-मुसलमान के अलावा BJP के पास कोई मुद्दा नहीं
गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल कहते हैं कि कांग्रेस ने जब देश को बचाने की लड़ाई लड़ी तो भाजपा ने हमारे नेताओं को खरीदा। वही काम आज भी हो रहा है। मेरठ में …….. से विशेष बातचीत में हार्दिक पटेल ने कहा, ‘ जब कांग्रेस ने देश की आजादी के लिए जंग की तो RSS के नेता अंग्रेजों की गोद में बैठ गए। कांग्रेस रुकेगी नहीं संघर्ष करती रहेगी’
सवाल-आरपीएन सिंह जैसे नेता छोड़कर जा रहे हैं, ऐसे में यूपी में कांग्रेस कैसे बचेगी?
जवाब- आरपीएन सिंह जब पहली बार चुनाव जीते तो उनको केंद्र में मंत्री बनाया गया। आज पार्टी संघर्ष कर रही है तो वो पार्टी छोड़कर जा रहे हैं। कांग्रेस ने जब भी देशहित की लड़ाई लड़ी है तब-तब कांग्रेस को तोड़ने का काम हुआ है। कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई लड़ी तब RSS जैसे लोग अंग्रेजों की गोद में बैठे थे। आज भाजपा हमारे नेताओं को खरीदने का काम करती है। मगर कांग्रेस दमदारी से खड़ी रहेगी।
सवाल- यूपी चुनाव में पलायनवाद, तमंचावाद, जुमलेबाजी के तीर चल रहे हैं, ये क्या है?
जवाब- योगी अपने 5 साल में 5 ऐसे काम गिनाएं जो उन्होंने यूपी में महिलाओं, किसानों, युवाओं के लिए किए हों। काम होंगे तो गिनाएंगे ना, इसलिए हिंदू, मुसलमान, मंदिर, मस्जिद करते हैं। अगर चुनाव आयोग यूपी में हिंदू, मुसलमान, मंदिर, मस्जिद, जिन्ना शब्द पर बैन लगा दे तो बीजेपी क्या करेगी, मंजीरा बजाएगी, उसके पास मुद्दा ही क्या बचेगा।
अमित शाह जी जाटलैंड घूम रहे थे तो ये क्यों नहीं कहा कि वह माफी मांगने आए हैं, जो 700 किसानों की हत्या हुई उसमें वह जिम्मेवार हैं। वो ये नहीं कहेंगे वो 80 बनाम 20 का चुनाव क्यों बना रहे हैं। उनके पास चुनाव का मतलब जात-पात और धर्म है।

सवाल- लड़की हूं, लड़ सकती हूं पोस्टर गर्ल ही छोड़कर चली गईं?
जवाब- यह महज नारा नहीं दिया बल्कि अमल भी किया। जितने टिकट हमने यूपी में दिए, उसमें महिलाएं ज्यादा हैं। ये महिलाएं किसी नेता की बेटी या पत्नी नहीं हैं। हमने उन महिलाओं को टिकट दिया जो इस सरकार से प्रताड़ित थीं, जो समाज में बदलाव लाना चाहती हैं। रही बात पोस्टर गर्ल के विरोध की तो उन्होंने गलत बयान दिया था। राजनीति में जब तक आरोप-प्रत्यारोप, वाद विवाद न हो राजनीति चलती नहीं हैं। उनको चर्चा करनी चाहिए थी, आरोप से मसले का हल नहीं निकलता।

सवाल- स्मृति ईरानी कहती हैं, ‘लड़का लड़ नहीं सकता, इसलिए लड़की हूं’ का नारा आया?
जवाब- भाजपा का नेतृत्व और नेता वाद विवाद में पीएचडी हैं। पहले यूपी में धर्म, जाति के नाम पर लोगों को बांटा। अब लगा कि कांग्रेस यूपी में महिलाओं के साथ खड़ी हुई तो भाजपा स्त्री-पुरुष का भेदभाव लाना चाहती है। उनका भी तो नारा है बेटी बढ़ाओ बेटी बचाओ।
सवाल- आप कहते हैं यूपी में रोजगार मांगों तो लाठियां मिलती हैं, ये क्या है?
जवाब- हमने प्रयागराज में देखा छात्रों पर पुलिस ने बर्बरता की है, अधिकार के लिए आंदोलन करने वालों को रोकना नहीं चाहिए। अगर हमने अन्ना, केजरीवाल आंदोलन को रोक दिया होता तो दिल्ली में केजरीवाल सरकार नहीं बनती। लोकतंत्र में इंसान को आंदोलन का हक है। नौकरी देने में योगी सरकार विफल है।
सवाल- यूपी में कांग्रेस कितनी सीटों पर जीतने की उम्मीद है?
जवाब- 403 सीटों पर टिकट देकर हम पहली लड़ाई जीत चुके हैं। 4 साल में जो संघर्ष हमने किया है उससे जनता को लगा कि कांग्रेस भले सत्ता में नहीं है मगर मजबूत विपक्ष में खड़ी है।