bhopal .. अब जमीनों के रेट बढ़ाने पर अड़े अफसर … 5000 लोकेशन; जहां गाइडलाइन से ज्यादा पर प्रॉपर्टी खरीदी-बेची गई
राजधानी में 2022-23 की प्रस्तावित कलेक्टर गाइडलाइन बनाने का काम अगले कुछ दिनों में पूरा होने वाला है। अगले साल प्रदेश में चुनाव होना है। इसलिए पंजीयन विभाग के अफसरों की कोशिश है कि इस साल बनाई जा रही गाइडलाइन में प्रॉपर्टी के दामों को बढ़ा दिया जाए।
इसके पीछे तर्क है कि भोपाल की करीब 5000 से ज्यादा लोकेशन में हुई रजिस्ट्रियों के विश्लेषण के बाद ये बात सामने आई है कि यहां लोगों ने तय कलेक्टर गाइडलाइन से ज्यादा में प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त की है। इसमें होशंगाबाद रोड, कोलार, भानपुर, गोविंदपुरा इलाके की कॉलोनियां शामिल हैं।
इस बार तैयार की जा रही नई गाइडलाइन में 90 नई कॉलोनियों को जोड़ा जाएगा। ये वो कॉलोनियां हैं जिनको रेरा से अनुमति मिल चुकी है। सितम्बर 2021 के बाद की कॉलोनियों को इसमें शामिल किया जाएगा। यहां आसपास की कॉलोनियों के रेट को खोला जाएगा।
5 से 15% बढ़ सकते हैं रेट
प्रॉपर्टी के दामों में 5 से 15 फीसदी तक इजाफा करने की तैयारी चल रही है। हालांकि सरकार द्वारा इस वित्तीय वर्ष के लिए तय किए गए 860 करोड़ रुपए का राजस्व 31 मार्च से पहले ही मिल गया है। इसे देखकर सरकार ने भोपाल के टारगेट में 100 करोड़ रुपए जोड़ दिए हैं। अब अफसरों को 31 मार्च तक 960 करोड़ जुटाना है।
अफसरों को पता है कि अगले साल चुनावी साल होगा। इसलिए प्रॉपर्टी के दाम बढ़ाना मुश्किल होगा। लेकिन सरकार राजस्व का लक्ष्य बढ़ा देगी। इसलिए इस बार की प्रॉपर्टी के दाम बढ़ा दिए जाएं। ताकि अगले साल राजस्व प्राप्त करने में दिक्कत न आए। 2021-22 की बनी गाइडलाइन में कुल 4113 लोकेशन दर्ज हैं।
सही तथ्य पेश करेंगे, तभी बढ़ाए जाएंगे रेट
जहां पर प्रॉपर्टी के दाम बढ़ाए जाएंगे। उसके पीछे उस इलाके में हुई प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त और उसके सही तथ्य पेश किए जाएंगे। ज्यादातर जगह पर लोगों ने गाइडलाइन से ज्यादा पर रजिस्ट्रियां कराई हैं। इसका विश्लेषण कराया जाया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। -स्वप्नेश शर्मा, जिला पंजीयक