देश की सबसे राजनीतिक सीट अयोध्या के प्रत्याशियों का इंटरव्यू …. पवन पाण्डेय ने लगाए राम के नाम पर लूटने के आरोप, वेद गुप्ता बोले- मंदिर हर हाल में बनकर रहेगा

राम मंदिर आंदोलन और उसके बाद मंदिर निर्माण को लेकर अयोध्या सुर्खियों में है। यहां 27 फरवरी को 5वें चरण में मतदान होना है। इसके पहले ने भाजपा के कैंडिडेट और विधायक वेद प्रकाश गुप्त और पूर्व मंत्री व सपा कैंडिडेट तेज नारायण पांडेय पवन से बातचीत की।

पेश है बातचीत के मुख्य अंश…

सवाल : आपके चुनावी मुद्दे क्या हैं?

पवन पांडेय : सबसे बड़ा मुद्दा अयोध्या नगर निगम का है। योगी सरकार में हजारों गुना टैक्स नागरिकों पर लाद दिया गया है। सपा सरकार बनते ही इस टैक्स को खत्म किया जाएगा। छुट्‌टा जानवरों की समस्या से अयोध्या को मुक्त कराया जाएगा। सपा के बनवाए मेडिकल कॉलेज की सूरत भाजपा ने बिगाड़ दी है। इसे संसाधनों से युक्त किया जाएगा।

वेद प्रकाश गुप्त : अयोध्या विशेष नगरी बने, इसके लिए हमारा प्रयास है और रहेगा। पीएम मोदी और सीएम योगी के चलते हमें यह मौका मिला है। हजारों साल से हमें जिसकी प्रतीक्षा थी, उस जन्मभूमि पर श्रीराम का भव्य मंदिर बन रहा है। यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है।

अयोध्या में सपा कैंडिडेट और पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने कहा कि भाजपा राम के नाम पर जमीन और रुपए की लूट करती है।
अयोध्या में सपा कैंडिडेट और पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने कहा कि भाजपा राम के नाम पर जमीन और रुपए की लूट करती है।

सवाल : राम मंदिर ट्रस्ट के जमीन घोटाले पर क्या कहेंगे?

पवन पांडेय : चोरों ने चोरी की है। इससे ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं है। इन पर पहले भी मंदिर निर्माण के नाम पर करोड़ों रुपए की चोरी के आरोप इन्हीं के लोग लगाते रहे हैं। मंदिर के नाम पर जमीन घोटाले में खा गए। ये लुटेरे थे और लुटेरे रहेंगे। यही इनका चरित्र है, यही इनका चेहरा है। इनके मुंह में राम और बगल में छुरी है। एक तरफ राम-राम करते हैं और दूसरी ओर राम के नाम पर रुपए का, जमीन का सौदा करते हैं।

वेद प्रकाश गुप्त : यह सब इस समय कोई विषय नहीं है। इस पर बहुत चर्चा हो चुकी है। इसमें कोई तथ्य नहीं है। यह मेरे कार्यक्षेत्र के बाहर का मामला है। पूरे पांच साल मैं विवादित चीजों से दूर रहा हूं। हम तो एक लक्ष्य केवल अयोध्या का विकास करना चाहते हैं।

सवाल : अगर आपकी सरकार बनी तो विकास किस तरह होगा?

पवन पांडेय : अयोध्या में जो भी विकास है, वह समाजवादी पार्टी की सरकार की देन है। पांच सालों में भाजपा का विकास केवल टीवी चैनल और अखबारों में रहा है। विकास की बात ही इनके मुंह से शोभा नहीं देती।

वेद प्रकाश गुप्त : अयोध्या रेलवे स्टेशन, हवाई अड्‌डा आदि विकास कार्यों के साथ ही दिसंबर, 2021 में भगवान श्रीराम अपने जन्मभूमि पर बन रहे भव्य मंदिर में विराजमान हों, यह हमारी सबसे बड़ी अभिलाषा होगी। खासकर अयोध्या के उन संतों और लोगों की सेवा होगी, जिन्हें लंबे समय से राममंदिर देखने की उम्मीद है।

भाजपा कैंडिडेट विधायक वेद प्रकाश गुप्त ने कहा कि अयोध्या का ऐतिहासिक विकास हो रहा है।
भाजपा कैंडिडेट विधायक वेद प्रकाश गुप्त ने कहा कि अयोध्या का ऐतिहासिक विकास हो रहा है।

सवाल : अपनी पार्टी पर लग रहे आरोपों पर क्या कहेंगे?

पवन पांडेय : हमसे बड़ा हिंदू कौन है। हम हिंदू हैं, इसका सर्टिफिकेट हमें नरेंद्र मोदी और योगी से नहीं चाहिए। हम हिंदू हैं, इसका सर्टिफिकेट भाजपा नहीं देगी।

वेद प्रकाश गुप्त : हमारे लक्ष्य बड़े हैं। हम अयोध्या का विश्वस्तरीय और ऐतिहासिक विकास कर रहे हैं। बड़े काम तय करने, उनकी योजना बनाने और लागू करने में बहुत समय और धन का खर्च होता है। अयोध्या का उसकी गरिमा के अनुकूल ऐतिहासिक विकास हो रहा है। इसमें समय लग रहा है। मगर, जब यह पूरा होगा तो पूरी दुनिया इसे देखती रह जाएगी।

सवाल : अयोध्या के लोगों से क्या कहना चाहेंगे?

पवन पांडेय : हम अयोध्या के लोगों से अनुरोध करना चाहते हैं कि वे भाजपा के लूट, अपराध और भ्रष्टाचार से मुक्त कराने के लिए 27 फरवरी को अखिलेश यादव की सरकार बनाने के लिए मतदान करें।

वेद प्रकाश गुप्त : अयोध्या के विधायक का दायित्व बहुत बड़ा है। इसे निभाने के लिए बहुत भागदौड़ करनी पड़ती है। फिर भी लोगों को आशीर्वाद लेता रहता हूं। अयोध्या के विकास कार्य हो जाए और राम जी अपने मंदिर में बैठ जाएं, फिर घर-घर जाकर प्रसाद बांटूंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *