आखिरी चरण तक चुनाव आयोग रहा सख्त ….. 32.97 लाख लोगों पर लगी पांबदी, 2096 एफआईआर दर्ज, अब तक 103.52 करोड़ रुपए कैश मिले

उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव के आखिर दिन तक चुनाव आयोग सख्त रहा। प्रदेश में सीआरपीसी के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए 32 लाख 97 हजार 746 लोगों को पाबंद कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया इस दौरान सार्वजनिक और निजी स्थानों से अब तक कुल एक करोड़ 36 लाख 78 हजार 880 प्रचार सामग्री हटाई गई है। इसमें सार्वजनिक स्थानों से एक करोड़ 03 लाख 35 हजार 314 और निजी स्थानों से 33 लाख 43 हजार 566 प्रचार सामग्री हटी हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा अब तक आठ लाख 96 हजार 69 लाइसेंसी शस्त्र जमा कराए गए हैं। छह मार्च को 57 लाइसेंसी शस्त्र जमा कराए गए हैं। इसके अलावा 631 लाइसेंस जब्त किए गए, जबकि 2080 लाइसेंस निरस्त किए गए।

अब तक विभिन्न धाराओं में 2096 एफआईआर दर्ज कराई गई हैं, जिसमें छह मार्च को विभिन्न धाराओं में 33 एफआईआर दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग द्वारा अब तक 10 हजार 195 शस्त्र, 10 हाजर 548 कारतूस, 232 विस्फोटक और 332 बम बरामद किए गए। पुलिस विभाग द्वारा रेड डालकर अवैध शस्त्र बनाने वाली 186 फैक्ट्रियों को सीज किया गया।

100 करोड़ रुपए से ज्यादा कैश पकड़ा गया

अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि अब तक 103.52 करोड़ रुपए कैश बरामद हुए हैं। इसके साथ ही आयकर विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पांच लाख चार हजार 500 रुपए की बरामदगी की जांच की जा रही है। इसके अतिरिक्त आबकारी और पुलिस विभाग द्वारा अब तक 61.40 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की 22 लाख 66 हजार 830 लीटर मदिरा जब्त की गई है।

इसी प्रकार नारकोटिक्स और पुलिस विभाग द्वारा अब तक 47.07 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य का 17,576 किग्रा ड्रग्स जब्त किया गया है। इसके अलावा 40.46 करोड़ रुपए मूल्य की 392 किग्रा की बहुमूल्य धातु बरामद हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *