आप भी देख सकते हैं, हाई कोर्ट में कितने नए केस फाइल हुए, कितनों का हुआ निराकरण

मप्र हाई कोर्ट में जस्टिस क्लाॅक लगाई गई है। स्क्रीननुमा क्लाॅक में हाई कोर्ट से जुड़ी तमाम जानकारियां दी जा रही है। इसमें कोई भी व्यक्ति बिना हाई कोर्ट जाए, मोबाइल (हाई कोर्ट की वेबसाइट) पर ही ये देख सकता है कि एक दिन में हाई कोर्ट में कितने नई याचिकाएं दायर हुईं और कितने केसों का निराकरण हुआ।

ये जानकारी रिय़ल टाइम अपडेट की जा रही है। इसके लिए उसे वर्चुअल जस्टिल क्लाॅक पर क्लिक करना होगा। ग्वालियर बेंच में ये क्लाॅक हाई कोर्ट बिल्डिंग के प्रवेश द्वार पर लगाई गई है। इसमें ग्वालियर बेंच, प्रिंसिपल बेंच जबलपुर और इंदौर की जानकारी भी डिस्प्ले की जा रही है।

22 लाख रुपए खर्च कर लगाई गई है स्क्रीन

इस स्क्रीन को लगाने में लगभग 22 लाख का खर्च आया है। ये पूरा प्रोजेक्ट सुप्रीम कोर्ट की देखरेख में चल रहा है। इसका उद्देश्य सूचनाओं को डिजिटल रूप में प्रदर्शित करने का है। जस्टिस क्लाॅक में प्रकरणों के निराकरण व दायर होने की साप्ताहिक, मासिक और वार्षिक स्तर पर तुलना भी जाएगी।

उदाहरण के लिए, गत वर्ष 14 मार्च तक कितने नए मामले सुनवाई के लिए हाई कोर्ट पहुंचे और इसी अवधि में कितने मामलों का निराकरण हुआ। ये जानकारी डिस्प्ले की जा रही है। ऐसी ही जानकारी साप्ताहिक और मासिक स्तर पर भी की जा रही है। इसके अलावा किस कोर्ट में कितनी अवधि के कितने मामले लंबित है। ये जानकारी भी प्रदान की जा रही है।

सभी जिला न्यायालयों में भी इसकी तैयारी

जिस तर्ज पर हाई कोर्ट में स्क्रीन लगाकर जस्टिस क्लाँक के आंकड़े प्रदर्शित किए जा रहे हैं। उसी तर्ज पर प्रदेश की सभी जिला न्यायालयों में वहां की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। इसमें अतिरिक्त खर्चा ना हो, इसके लिए जिला न्यायालय में लगे हुए स्क्रीन बोर्ड पर ही ये जानकारी डिस्प्ले की जाएगी। इसकी मंजूरी भी ई-कमेटी से मिल गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *