भाजपा मतदान से पहले MLC की 3 सीटें जीती….

एटा में आशीष यादव, मथुरा से ओमप्रकाश और बुलंदशहर से नरेंद्र भाटी निर्विरोध MLC, अब महज 33 सीटों पर मुकाबला…

उत्तर प्रदेश में 9 अप्रैल को MLC चुनाव के लिए मतदान होना है। 11 को मतों की गणना होगी। लेकिन भाजपा ने मतदान से पहले ही प्रदेश की तीन सीटों को जीत लिया है। ये सीटें एटा-मैनपुरी-मथुरा, मथुरा-एटा-मैनपुरी और बुलंदशहर हैं। दरअसल, तीनों सीटों पर सपा समेत अन्य निर्दलियों का नामांकन या तो रद्द हुआ है या वापस ले लिया गया। निर्विरोध जीत का अधिकारिक ऐलान 24 मार्च को होगा। बता दें कि यूपी में MLC की 36 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं।

मथुरा, एटा, मैनपुरी स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन MLC चुनाव में भाजपा के दोनों प्रत्याशियों आशीष यादव आशू और ओमप्रकाश सिंह का निर्विरोध निर्वाचन तय है। सपा के दोनों प्रत्याशियों उदयवीर सिंह, राकेश यादव और एक निर्दलीय प्रत्याशी अनुज कुमार का नामांकन पत्र अपूर्ण होने के कारण जिला अधिकारी एटा अंकित अग्रवाल ने जांच के दौरान निरस्त कर दिया। उधर, बुलंदशहर में सपा-रालोद संयुक्त प्रत्याशी सुनीता शर्मा ने अपना पर्चा वापस ले लिया। इसके चलते भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र भाटी का जीतना तय हो गया है।

सपा के उदयवीर और राकेश पर हमला, कुर्ता फाड़कर भगाया
उधर, एटा में नामांकन के दौरान उपजा विवाद थम नहीं रहा है। सोमवार को जहां सपा प्रत्याशी उदयवीर सिंह और राकेश यादव का पर्चा छीना गया था। वहीं, आज नामांकन पत्र की जांच के लिए रिटर्निंग ऑफिसर के रूम में जाते समय उदयवीर सिंह पर भाजपा विधायक वीरेन्द्र लोधी, भाजपा के MLC प्रत्याशी आशीष यादव ने अपने समर्थकों के साथ हमला कर दिया। उदयवीर सिंह और राकेश यादव के साथ मारपीट करते हुए उनका कुर्ता फाड़ दिया।

सपा MLC प्रत्याशी उदयवीर सिंह के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने मारपीट की। पर्चा भी छीना।
सपा MLC प्रत्याशी उदयवीर सिंह के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने मारपीट की। पर्चा भी छीना।

यही नहीं पथराव कर गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। भारी हंगामे के कारण जिला मुख्यालय पर अफरा-तफरी मची रही। तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। उदयवीर सिंह ने कहा कि एटा के DM-SSP भी बीजेपी विधायकों और गुंडों के साथ आपराधिक षड्यंत्र में शामिल हैं। इनको तुरंत सस्पेंड करना चाहिए।

बता दें उदयवीर सिंह के साथ सोमवार को भी बदसलूकी हुई थी। मंगलवार को रिटर्निंग ऑफिसर से मिलने जाते वक्त भाजपा कार्यकर्ताओं ने उदयवीर को रोक लिया और उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उदयवीर सिंह के साथ सपा कार्यकर्ता भी ना के बराबर रहे।

लोकतंत्र खतरे में है, ये सत्ता का क्रूर चेहरा
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के राज में लोकतंत्र खतरे में है। ये सत्ता का क्रूर चेहरा है या तो पर्चा नहीं भरने दिया जाएगा या चुनाव को प्रभावित किया जाएगा। हार का डर ही जनमत को कुचलता है।

लखीमपुर में सपा प्रत्याशी का पर्चा खारिज

वहीं, लखीमपुर में सपा प्रत्याशी अनुराग वर्मा का नामांकन रद्द हो गया है। दरअसल, भाजपा प्रत्याशी अनूप गुप्ता ने आपत्ति की कि सपा प्रत्याशी अनुराग वर्मा का पर्चा अवैध है। आपत्ति थी कि जिस नोटरी संजय सिंह ने अनुराग के शपथपत्र को प्रमाणित किया, उनका नोटरी का लाइसेंस नवीनीकृत नहीं था। इस दौरान नारेबाजी भी हुई। तनाव को देखते हुए कलेक्ट्रेट में फोर्स बढ़ा दी गई।

शाम सवा सात बजे डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने पर्चा खारिज कर दिया। निर्दलीय प्रत्याशी नवनीत शुक्ला का भी पर्चा खारिज हो गया है। एक अन्य निर्दल प्रत्याशी नरसिंह यादव का नामांकन वैध मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *