– कार्रवाई के बाद अभी तक एफआइआर दर्ज नहीं कराई।

ग्वालियर.। नगर निगम एवं जिला प्रशासन द्वारा नगर निगम सीमा क्षेत्र में विकसित की जा रहीं अवैध कालोनियों पर कार्रवाई कर अवैध कालोनियों को हटाने के लिए नगर निगम आयुक्त किशोर कान्याल एवं कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने निर्देश दिए हैं । लेकिन इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। अधिकारियों के विदेश जाने के बाद से कार्रवाई ठप्प पड़ी है। बुधवार को शहर में प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट मौजूद थे, उनकी हाजिरी में उपस्थिति दर्ज कराने के लिए नगर निगम ने बुधवार को कार्रवाई। जबकि कार्रवाई के बाद अभी तक एफआइआर दर्ज नहीं कराने के कारण अवैध कालोनाइजरों के हौसलें बुलंद बने हुए हैं। इसके कारण लगातार अवैध कालोनियों को काटा जा रहा है।

बुधवार को बिना टीएनसीपी एवं नगर निगम की अनुमति के गिरगांव में बन रही वृंदासिटी अवैध कालोनी पर कार्रवाई की गई। इस दौरान निगम ने कालोनी में किए जा रहे विकास कार्यों को हटवाया साथ ही पक्के निर्माण को तोड़ा गया। सहायक सिटी प्लानर सुरेश अहिरवार के निर्देशन में बुधवार को जोन 22 स्थित वार्ड 62 में स्थित ग्राम गिरगांव में कालोनाइजर आशीष पांडेय द्वारा विकसित की जा रही अवैध कालोनी वृंदासिटी पर कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान तहसीलदार कुलदीप दुबे, सहायक सिटी प्लानर सुरेश अहिरवार, भवन अधिकारी पवन शर्मा, नोडल अधिकारी मदाखलत केशव सिंह चौहान, भवन निरीक्षक उत्पल भदौरिया, पटवारी बृजेश कुमार एवं मदाखलत अधिकारी शैलेंद्र सिंह चौहान आदि मौजूद थे। लेकिन गिरगांव में वृंदासिटी के आसपास काटी जा रही दूसरी अवैध कालोनियों पर कार्रवाई नहीं की गई है। जबकि निर्देश हैं कि प्रत्येक कालोनी पर कार्रवाई की जाए। शहर में इस समय 250 से अधिक अवैध कालोनी काटी जा रही हैं। जिन पर लगाम लगाने के लिए निगम और जिला प्रशासन को कार्रवाई करनी है।