नगर सरकार के लिए वोटिंग, अपनी राय भी दीजिए:3 बजे तक 52% वोटिंग, ग्वालियर में कांग्रेस MLA की गाड़ी पर पथराव

 मध्यप्रदेश…

मध्यप्रदेश में नगर सरकार चुने जाने के लिए आज पहले चरण में 11 नगर निगम, 36 नगर पालिका और 86 नगर परिषद में वोटिंग हुई। प्रदेशभर में दोपहर 3 बजे तक 52% वोट पड़े। आगर-मालवा जिले में सबसे ज्यादा 80% मतदान हुआ। प्रदेश में सबसे कम वोटिंग भोपाल जिले में 41.20% हुई है।

ग्वालियर की डबरा नगर पालिका में मतदान केंद्र के बाहर कांग्रेस विधायक सुरेश राजे की कार पर पथराव हुआ। विधायक का एक साथी पत्थर लगने से घायल हो गया। कार पर कांच की बोतल भी फेंकी गई। घटना वार्ड 11 के पोलिंग बूथ के बाहर की है। विधायक ने आरोप लगाया कि हमला भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र सिंह और पूर्व मंत्री इमरती देवी ने करवाया है।

शाम 5 बजे के बाद भी कुछ जगह मतदान जारी

11 नगर निगम, 36 नगर पालिका और 86 नगर परिषद में मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चला। हालांकि, 5 बजे के बाद भी वोटिंग जारी है। कुल 133 नगरीय निकायों के लिए 13,148 पोलिंग बूथ पर वोट डाले गए। नतीजे 17 जुलाई को आएंगे। 11 नगर निगम के लिए महापौर पद के लिए 101 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, तीनों निकाय के लिए पार्षद के लिए 2850 पद हैं। वास्तविक रूप से 2808 पदों के लिए वोटिंग हुई। इनके लिए 11,250 उम्मीदवार मैदान में हैं।

मतदान का समय बढ़ाने से चुनाव आयोग का इनकार

राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने बारिश के कारण वोटिंग का समय बढ़ाने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि पहले भी ऐसे उदाहरण देखने को नहीं मिले हैं। बरसात के लिए तब समय बढ़ाया जा सकता है जब इतनी बारिश हुई हो कि हम आप घर से नहीं निकल पाएं। ग्वालियर का जो मुद्दा सामने आया है वहां दोपहर 12.30 बारिश हुई थी। 2 बजे से बारिश बन्द है। दरअसल भाजपा प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने ग्वालियर सहित कई स्थानों पर बारिश की वजह से मतदान का समय 1 घंटा बढ़ाने की मांग की थी। जिससे आयोग ने इनकार कर दिया।

आयुक्त ने बताया कि करीब 35 हजार ईवीएम में से खराब मशीनों का प्रतिशत 0.3% है। इन ईवीएम की संख्या 50 से भी कम है। उन्होंने कहा कि मशीन खराब नहीं होती है। सभी मशीने CIL के इंजीनियर द्वारा चेक कराकर ही भेजी गई हैं। लेकिन रास्ते मे हैंडलिंग में थोड़ी-बहुत दिक्कत हो सकती है।

भोपाल के वार्ड 12 (नारियल खेड़ा) में पोलिंग बूथ पर लापरवाही दिखी।
भोपाल के वार्ड 12 (नारियल खेड़ा) में पोलिंग बूथ पर लापरवाही दिखी।
दमोह में बुर्के में महिला ने फर्जी मतदान की कोशिश की।
दमोह में बुर्के में महिला ने फर्जी मतदान की कोशिश की।

आप अपने निकाय के हर छोटे-बड़े लाइव अपडेट्स जानने के लिए नीचे दी हुई लिंक्स पर क्लिक कर सकते हैं…

अपडेट्स

  • भोपाल के वार्ड 12 (नारियल खेड़ा) में ठाकुर कमल सिंह स्मृति विद्यालय शारदा नगर के पोलिंग बूथ पर कांग्रेस प्रत्याशी सुधीर गुप्ता का नाम लिखी टेबल पर EVM को रखा गया। सुधीर गुप्ता इसी वार्ड से पार्षद भी हैं। आम आदमी पार्टी के नेता मिनहाज आलम ने इसकी शिकायत करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यह अधिकारियों का एक प्रत्याशी के प्रति मौन समर्थन है।
  • भोपाल में कई लोगों के मतदान केंद्र ही बदल गए। वार्ड 83 के कई लोगों को वोट डालने के लिए 81 और 82 का मतदान केंद्र मिला। समीर केरकेट्टा ने बताया कि उन्होंने अपना वोट वार्ड 83 में डाला, लेकिन माता-पिता का वार्ड चेंज हो गया।
  • भोपाल में वार्ड-43 से BJP की पार्षद प्रत्याशी श्वेता त्यागी के देवर और उसके दोस्त के साथ राजीवनगर बस्ती में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मारपीट कर दी। उसकी कार में श्वेता की फोटो लगी दीवार घड़ी रखी थी। कांग्रेस का आरोप है कि ये लोग बस्ती में घड़ी बांट रहे थे। वहीं, बिलखिरिया में कांग्रेस प्रत्याशी मनीष यादव पर भाजपा प्रत्याशी ने गाड़ी से कुचलकर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया।
  • इंदौर के कई वार्ड में EVM खराब होने की सूचना है। मतदान आधे घंटे की देरी से शुरू हुआ। वार्ड 17 के बूथ 471, वार्ड 80 के बूथ 2090 में मशीन खराब होने से मतदान 20 मिनट देरी से शुरू हुआ। चंदन नगर वार्ड 2 के बूथ 13 में मशीन में खराबी आने से वोटिंग शुरू होने में देरी हुई।
  • जबलपुर की स्मृति निरालिया (25) वोट डालने के लिए लंदन से 7,337km किलोमीटर का सफर तय कर जबलपुर आईं। वह जबलपुर में तीन पत्ती के पास रहती हैं। उन्होंने परिवार के साथ सुभद्रा कुमारी चौहान वार्ड पर वोट डाला। स्मृति ईस्ट लंदन में ऑडिटर हैं। कल रात ही भारत आईं।
  • उज्जैन के वार्ड नंबर 10 में दो EVM में खराबी आ गई। करीब 1 घंटे तक मतदान रुका रहा। दोनों मशीनों को बदलने के बाद फिर से मतदान शुरू हुआ। वार्ड 24 में कांग्रेस और भाजपा समर्थकों में झड़प हो गई। भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रशांत चंदेरी ने वार्ड 47 में वोटिंग करते हुए VIDEO बनाया। इसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
  • दमोह में मतदान केंद्र पर पहुंचीं 90 साल की बुजुर्ग की मौत हो गई। शहर के मागंज वार्ड 4 में रहने वाली कमल रानी सुबह 9 बजे मतदान केंद्र नॉरबिट स्कूल में मतदान करने के लिए पहुंची थी। ईवीएम के नजदीक पहुंचते ही बटन दबाने से पहले उन्हें चक्कर आ गया और बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
  • दमोह नगर पालिका के बजरिया वार्ड-7 के नूरी नगर पोलिंग बूथ पर महिला वोट डालने के बाद दोबारा मतदान करने पहुंच गई। दस्तावेजों की जांच के दौरान पीठासीन अधिकारी को उस पर संदेह हुआ और उसकी उंगली पर लगी स्याही से यह स्पष्ट हो गया कि वह मतदान कर चुकी है। उसे मतदान करने से रोका गया। पहले तो महिला ने बहस की, लेकिन बाद में वह मौके से चली गई।
  • सागर में कांग्रेस कार्यकर्ता सिंटू कटारे को पुलिस ने थाने में बिठाया है। कटारे पर रविशंकर स्कूल के मतदान केंद्र में बहस कर चुनाव प्रभावित करने का आरोप है। इसके विरोध में कांग्रेस महापौर प्रत्याशी निधि जैन थाने पर पहुंचीं। सागर के शास्त्री वार्ड के आईटीआई पोलिंग बूथ पर कांग्रेस ने भाजपा पर फर्जी मतदान का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर जुटी भीड़ को पुलिस ने खदेड़ा।
  • मुरैना के अंबाह में आज नगर पालिका के लिए वोटिंग है। चुनाव से पहले मंगलवार रात पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष और कांग्रेस नेता मधुराज तोमर के घर छापा पड़ा। घर से 22 का कार्टून और 113 पेटी शराब मिली। तोमर की पत्नी पार्षद का चुनाव लड़ रही है। पुलिस ने तोमर को गिरफ्तार कर लिया है। तोमर हिस्ट्रीशीटर गुंडा है।
  • खंडवा में वार्ड 47 रामेश्वर नगर के बूथ पर कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी की बहन वोट डालने पहुंचीं, तो पीठासीन अधिकारी ने कहा- आपका वोट डल चुका है। युवक कांग्रेस के नेता अंकित पाठक ने आरोप लगाया कि भाजपा हार से डर गई है। कई बूथों पर फर्जी वोट डाले जा रहे हैं। कुंडलेश्वर वार्ड के रोटरी क्लब बूथ पर भाजपा के एजेंट ने कूड़ा-कचरा डालने वाले को वोटर स्लिप की बजाए ‘आशीर्वाद पान’ लिखी पर्ची दे दी। हालांकि, वह वोट डालने में सफल नहीं हुआ।
  • इंदौर में दो नंबर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 22 से महिलाओं ने भाजपा के पार्षद प्रत्याशी चंदू शिंदे की कार को घेर लिया। उन्होंने शिंदे पर बेईमानी करने, पैसों के बल पर मतदाताओं को खरीदने और बाहुबल दिखाने का आरोप लगाया। इस दौरान शिंदे अपनी ही गाड़ी में कैद हुए तो महिलाओं ने उन्हें चप्पलें भी दिखाईं।

पढ़िएनिकाय चुनाव के बीच सियासी हमले

तस्वीरों में देखिए…

स्मृति निरालिया (बीच में) वोट डालने के लिए लंदन से जबलपुर आईं।
स्मृति निरालिया (बीच में) वोट डालने के लिए लंदन से जबलपुर आईं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने भोपाल में मतदान किया।
राज्य निर्वाचन आयुक्त बसंत प्रताप सिंह ने भोपाल में मतदान किया।
भोपाल में भाजपा की मेयर प्रत्याशी मालती राय परिवार के साथ वोट डालने पहुंचीं।
भोपाल में भाजपा की मेयर प्रत्याशी मालती राय परिवार के साथ वोट डालने पहुंचीं।
भोपाल में कांग्रेस की महापौर उम्मीदवार भी परिवार के साथ वोट डालने पहुंचीं।
भोपाल में कांग्रेस की महापौर उम्मीदवार भी परिवार के साथ वोट डालने पहुंचीं।
इंदौर में कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी संजय शुक्ला ने ठेले पर नाश्ता किया।
इंदौर में कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी संजय शुक्ला ने ठेले पर नाश्ता किया।
इंदौर में BJP मेयर कैंडिडेट पुष्यमित्र ने पत्नी के साथ जूनी मंदिर पहुंचकर पूजा की।
इंदौर में BJP मेयर कैंडिडेट पुष्यमित्र ने पत्नी के साथ जूनी मंदिर पहुंचकर पूजा की।
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने परिवार सहित इंदौर में वोट डाला।
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने परिवार सहित इंदौर में वोट डाला।
उज्जैन में एजेंट्स को बाहर करने पर मतदान कर्मियों से कांग्रेस नेता नूरी खान की बहस हो गई। नूरी बोलीं- महापौर के साथ एक पार्षद एजेंट भी अंदर बैठेगा। कहां बिठाएंगे, ये आपकी समस्या है। आप अपने सिर पर बैठाईए।
उज्जैन में एजेंट्स को बाहर करने पर मतदान कर्मियों से कांग्रेस नेता नूरी खान की बहस हो गई। नूरी बोलीं- महापौर के साथ एक पार्षद एजेंट भी अंदर बैठेगा। कहां बिठाएंगे, ये आपकी समस्या है। आप अपने सिर पर बैठाईए।
उज्जैन में कांग्रेस के महापौर कैंडिडेट महेश परमार ने सुबह 7 बजे वोट डाला।
उज्जैन में कांग्रेस के महापौर कैंडिडेट महेश परमार ने सुबह 7 बजे वोट डाला।
उज्जैन में भाजपा के मेयर कैंडिडेट परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे।
उज्जैन में भाजपा के मेयर कैंडिडेट परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे।
उज्जैन में रमेश शर्मा भी मतदान करने पहुंचे। 1995 में विद्युत मंडल में काम करते वक्त लाइन में चपेट में आ गए थे। उनके दोनों हाथ काटना पड़े थे।
उज्जैन में रमेश शर्मा भी मतदान करने पहुंचे। 1995 में विद्युत मंडल में काम करते वक्त लाइन में चपेट में आ गए थे। उनके दोनों हाथ काटना पड़े थे।
गृहमंत्री ने दतिया में मतदान के बाद EVM को नमन किया।
गृहमंत्री ने दतिया में मतदान के बाद EVM को नमन किया।
छतरपुर में चाइल्ड आर्टिस्ट माही सोनी के दादा ने एंबुलेंस से पोलिंग बूथ जाकर वोट डाला। दूसरी फोटो में माही सोनी (फाइल)।
छतरपुर में चाइल्ड आर्टिस्ट माही सोनी के दादा ने एंबुलेंस से पोलिंग बूथ जाकर वोट डाला। दूसरी फोटो में माही सोनी (फाइल)।
गुना में दूल्हा, दुल्हन शादी के बाद घर न जाकर सीधा पोलिंग बूथ पहुंचे।
गुना में दूल्हा, दुल्हन शादी के बाद घर न जाकर सीधा पोलिंग बूथ पहुंचे।

9 सीटों पर BJP और कांग्रेस में सीधा मुकाबला

9 सीटों पर BJP और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है। दो सीटें ऐसी हैं, जहां तीसरी ताकत ने चुनाव को रोचक बना दिया है। इन सीट पर आम आदमी पार्टी और बसपा ने ताकत का अहसास कराया है।

भोपाल: कैंडिडेट्स के लिए दिग्गजों के रोड शो: भाजपा प्रत्याशी मालती राय के लिए चुनाव करीब आने तक सारे विधायक मैदान में निकल गए। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने चार दिन में प्रत्येक विधानसभा में रोड-शो किए। कांग्रेस प्रत्याशी विभा पटेल ने पुराने शहर में मैदानी जनसंपर्क पर ज्यादा फोकस किया। आखिरी दिन प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने रोड-शो के बाद जनसभा की। दिग्विजय सिंह घर बैठे कार्यकर्ताओं और असंतुष्टों को सक्रिय करने में जुटे रहे।

ग्वालियर: सिंधिया-तोमर की साख जुड़ी : कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार की पत्नी शोभा सिकरवार और भाजपा के पुराने संघ से जुड़े परिवार की सुमन शर्मा में सीधा मुकाबला है। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आखिरी दिन जमकर प्रचार किया। मंत्री भारत सिंह कुशवाह दस दिन से प्रचार की कमान संभाले थे। कांग्रेस के लिए सिकरवार ने पूरी ताकत झोंक दी। स्थानीय नेताओं अशोक सिंह, विधायक प्रवीण पाठक के साथ कमलनाथ पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और लगातार संपर्क में हैं।

सागर: कांग्रेस का 3 मंत्रियों से मुकाबला: भाजपा के लिए पार्टी के विधायक शैलेंद्र जैन तेजी से सक्रिय हो गए, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी निधि जैन उनके छोटे भाई की पत्नी हैं। मंत्री भूपेंद्र सिंह, गोपाल भार्गव और गोविंद सिंह राजपूत भी एक हो गए। निधि के लिए परंपरागत और जैन वोट बैंक उम्मीद है। यहां कांग्रेस के बुंदेलखंड के नेता सक्रिय हैं। कमलनाथ ने एक दिन पहले सभी नेताओं से बात की।

अपने शहर की पल-पल की चुनावी एक्टिविटी जानने के लिए इन लिंक पर क्लिक करें:-

1 करोड़ से ज्यादा मतदाता डालेंगे वोट

पहले चरण में 13 हजार 148 मतदान केन्‍द्र बनाए गए हैं। इनमें से 3296 केन्‍द्र संवेदनशील हैं। मतदान दलों में करीब 79 हजार कर्मचारियों- अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। करीब 27 हजार पुलिस बल डिप्‍लॉय किया गया है। पहले चरण एक करोड़ 4 लाख 41 हजार 897 मतदाता मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें से 53 लाख 62 हजार 457 पुरूष और 50 लाख 78 हजार 635 महिला तथा 805 अन्‍य मतदाता हैं।

2014 में यह था मतदान प्रतिशत

नगर निगम 62.05%
नगर पालिका 73.37%
नगर परिषद 92.33%
कुल मतदान 68.51%

पहले चरण में यहां चुनाव

  • 11 नगर निगम: भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, खंडवा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, उज्जैन, सागर, सिंगरौली, सतना
  • 36 नगर पालिका: राजगढ़, ब्यावरा, सीहोर, विदिशा, गंजबासौदा, डबरा, गुना, अशोकनगर, दतिया, पनागर, सिहोरा, अमरवाड़ा, सिवनी, वारा सिवनी, नरसिंहपुर, करेली, गोटेगांव, गाड़रवाड़ा, बड़नगर, नीमच, शाजापुर, मंदसौर, सागर, मकरोनिया बुजुर्ग, रहली, छतरपुर, दमोह, पन्ना, इटारसी, बैतूल, आमला, हरदा, उमरिया, श्योपुर, पोरसा और अंबाह।
  • 86 नगर परिषद: खुजनेर, सुठालिया, सिलवानी, बाडी, बरेली, बेटमा, देपालपुर, गौतमपुरा, हातोद, महूगांव, मानपुर, राऊ, सांवेर, बदनावर, शाहपुर, आंतरी, भितरवार, बिलौआ, पिछोर, मोहना, बदरवास, खानियाधाना, रन्नौद, शाढौरा, बड़ौनीखुर्द, बरेला, भेड़घाट, बरघाट, तेंदूखेड़ा, सांईखेड़ा, चिचली, सालीचौका, विजयराघवगढ़, कैमोर, जीरन, आलोट, ताल, मक्सी, बड़ौद, नगरी, बागली, करनावद, हाटपिपल्या, कन्नौद, सतवास, लोहारदा, कांटाफोड़, खातेगांव, नेमावर, शाहपुर, बिलहरा, सुरसी, खजुराहो, राजनगर, हरपालपुर, पथरिया, हिंडोरिया, बल्देवगढ़, खरगापुर, निवाड़ी, तरीचकलां, ओरछा, ककरहटी, अजयगढ़, देवेंद्रनगर, हनुमना, मउगंज, नईगढ़ी, चित्रकूट, उचेहरा, जैतवारा, कोठी, बिरसिंहपुर, सोहागपुर, शाहपुर (बैतूल), खिरकिया, टिमरनी, सिराली, नौरोजाबाद, चंदिया, अमरकंटक, लहार, मिहोना, आलमपुर, दबोह और रौन।

सबसे ज्यादा पोलिंग बूथ इंदौर में
भोपाल-इंदौर में सबसे ज्यादा 85-85 वार्ड हैं, जबकि इंदौर में सबसे ज्यादा 2250 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। भोपाल में इनकी संख्या 2176 है।

दूसरा चरण 13 जुलाई को
नगर सरकार चुने जाने के लिए दूसरा चरण 13 जुलाई को होगा। 5 नगर निगम मुरैना, रीवा, देवास, रतलाम, कटनी में वोटिंग होगी। इसके नतीजे 18 जुलाई को आएंगे। कुल 16 नगर निगम के महापौर पद के लिए 145 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं, तीनों निकाय के 6507 पार्षद पद के लिए 26 हजार 571 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

वोटर पर्ची नहीं है या सूची में नाम नहीं मिल रहा तो भी ऐसे डाल सकेंगे वोट

  • वोटर पर्ची न होने पर भी आप वोट डाल सकते हैं। कोई एक पहचान पत्र लेकर पास के मतदान केंद्र पर पहुंचें, वोटर लिस्ट देखें।
  • केंद्रों पर 545 मतदान सहायक मौजूद रहेंगे। ये चुनाव ऐप से आपके नाम और वोटर कार्ड से पोलिंग सर्च कर आपकी मदद करेंगे।
  • आप खुद निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://mplocalelection.gov.in या फिर गूगल लिंक http://mpsecerms.mp.gov.in/SECSearchEngine पर अपना नाम सर्च कर सकते हैं।
  • यदि आपके नाम कोई पहचान पत्र नहीं है, तो परिवार के किसी अन्य सदस्य का पहचान पत्र भी काम आएगा पर ऐसे दस्तावेज से वोटर की पहचान होना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *