गांव सरकार चुनाव-2022 …? 873 जिला पंचायत सदस्य घोषित; भाजपा का दावा- 37 जिलों में हमारे अध्यक्ष होंगे, 11 में संघर्ष, कांग्रेस बोली- 31 पर हम जीते

भाजपा ने 229 जनपदों में जीत मानी, कांग्रेस का 167 जनपदों पर कब्जे का दावा….

पंचायत चुनावों में शुक्रवार को 873 जिला पंचायत सदस्यों के परिणाम घोषित कर दिए गए। इन परिणामों के आते ही भाजपा और कांग्रेस ने जीत के अपने-अपने दावे किए। भाजपा का दावा है कि अब तक मिले परिणामों के हिसाब से 37 जिलों में पार्टी समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष बनना तय है।

11 जिलों में उसके बड़ी संख्या में जिला पंचायत सदस्य जीते हैं, लेकिन यहां अध्यक्ष पर संघर्ष है। 313 में से 229 जनपदों में उसके ही अध्यक्ष बनेंगे। जबकि कांग्रेस का दावा है कि 31 जिलों में उनके जिला पंचायत सदस्य जीते हैं।

यहां कांग्रेस के ही जिला पंचायत अध्यक्ष बनेंगे। 167 जनपदों में उसका अध्यक्ष बनना तय है। बता दें कि प्रदेश में कुल 875 जिला पंचायत सदस्यों के लिए चुनाव हुए थे। इनमें से सीधी जिले के 2 वार्डों के परिणाम हाईकोर्ट के आदेश पर रोक दिए गए।

दावे अपने-अपने… भाजपा ने भोपाल सहित चार पंचायतों पर उम्मीद छोड़ी

मंडला, खरगोन, पन्ना, रीवा में कड़ी टक्कर

सूत्रों के अनुसार भाजपा ने जिन जिलों को ए श्रेणी यानी जीता माना है, उनमें मुरैना, भिंड, दतिया, ग्वालियर, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, सागर, टीकमगढ़, निवाड़ी, छतरपुर, दमोह, सतना, शहडोल, उमरिया, कटनी, डिंडोरी, नरसिंहपुर, बैतूल, रायसेन, विदिशा, सीहोर, इंदौर ग्रामीण, खंडवा, बुरहानपुर, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, उज्जैन, शाजापुर, रतलाम, मंदसौर, नीमच, हरदा, राजगढ़ शामिल हैं। जबकि पार्टी पन्ना, रीवा, सीधी, अनूपपुर, जबलपुर, मंडला, खरगोन, धार, आगर, सिवनी और छिंदवाड़ा में कांटे की टक्कर मान रही है। भोपाल, देवास, सिंगरौली और बालाघाट जिला पंचायतों को उसने हार वाली श्रेणी में रखा है।

कांग्रेस को यहां जीत का भरोसा

भोपाल, देवास, सिंगरौली, छिंदवाड़ा, बालाघाट, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, छतरपुर, उमरिया, सीधी, सतना, नरसिंहपुर, मंडला, सीहोर, राजगढ़, हरदा, रतलाम, शाजापुर, मंदसौर, उज्जैन, झाबुआ, खंडवा, आगर मालवा, अलीराजपुर, मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, पन्ना, रीवा, अनूपपुर और सिवनी।

उप सरपंच के चुनाव 24 से 26 जुलाई तक

सरपंचों के चुनाव के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने उप सरपंच के चुनाव के लिए 24, 25 एवं 26 जुलाई की तारीख तय कर दी है। जनपद पंचायत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के लिए 27 एवं 28 जुलाई को होंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव 29 जुलाई को होगा।

जीत के दावों पर आमने-सामने

38 जिलों में भाजपा समर्थित जिपं सदस्य जीते हैं। सवा दो सौ जनपदों में भी भाजपा के लोग आगे हैं। – शिवराज

वक्त बता देगा कि किसके-कितने पंचायत अध्यक्ष बन रहे हैं। जिपं सदस्य हमारे सभी जिलों में जीते हैं।– कमलनाथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *